-पुलिस ने आरोपी को चंद घंटों में ही घर से किया गिरफ्तार

-सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव की घटना, पुलिस ने हत्या का मामला किया दर्ज

-सांची सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गुरुवार सुबह सलामतपुर थाना क्षेत्र के खोहा गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब देवर ने अपनी ही भाभी को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार, खोहा गांव निवासी खेमचंद मालवीय सुबह खेत पर काम के लिए घर से निकल गए थे। घर पर उनकी पत्नी पूजा मालवीय (32) अपने 8 वर्षीय बेटे ऋतिक के साथ मौजूद थीं। सुबह करीब साढ़े 9 बजे पूजा किचन में खाना बना रही थीं, तभी उनका देवर रामू मालवीय (27) वहां पहुंचा और चाय बनाने को कहा। बताया जा रहा है कि पूजा ने किसी कारणवश चाय बनाने से मना कर दिया। बस, इसी बात पर रामू का गुस्सा बेकाबू हो गया। गुस्से में उसने पास रखा डंडा उठाया और पूजा के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। वार इतने बेरहम थे कि पूजा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपी तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी भाभी ने मौके पर ही दम नहीं तोड़ दिया। घटना के दौरान मासूम बेटा ऋतिक चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन दरिंदे देवर का दिल नहीं पसीजा। वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकला, जहां उसके बड़े भाई गणेशराम ने उसे खून से सना देखा। पूछने पर उसने ठंडे लहजे में कहा—“मैंने भाभी को मार डाला” और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को सांची सिविल अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी रामू मालवीय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर चंद घंटों में ही घर से गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी पांच भाइयों में सबसे छोटा है--इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब गुस्सा इंसान पर हावी होता है, तो वह रिश्तों की सारी सीमाएं लांघ देता है। गांव में मातम पसरा है और हर कोई इस खौफनाक वारदात से सहमा हुआ है। खोहा गांव में रहने वाले किशनलाल के 5 लड़के हैं। हत्यारा रामू सभी भाइयों में सबसे छोटा है। पांचों भाई गांव में ही अलग अलग घरों में रहकर खेती बाड़ी का कार्य करते हैं। आरोपी रामू की शादी अभी नही हुई थी। वह प्रतिदिन किसी भी भाई के घर खाना खा लेता था। गुरुवार को वह अपने तीसरे नम्बर के भाई खेमचंद के घर चाय खाना खाने को लेकर पहुंचा था। सुबह आरोपी का भाई खेत पर गया था। और भाभी पूजा रोटी खाना बना रही थीं। देवर रामू ने भाभी से चाय वगैरह मांगी। भाभी ने मना किया तो यह बात उसको नागवार गुजरी और उसने डंडे से पीट पीट कर भाभी की हत्या कर दी।

42 गांव के अस्पताल में 69 साल से नही है मर्चुरी रूम, शव पोस्टमार्टम के लिए परेशान हुए परिजन--प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मर्चुरी रूम नही होने से दुर्घटनाओं या हत्या जैसे मामलों में मृत लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिएं परिजनों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। जबकि कई वर्षों से स्थानीय ग्रामीण इस समस्या के समाधान के लिए शिकायतें भी कर चुके हैं। लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। सलामतपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत लगभग बयालीस गांव आते हैं। और भोपाल-विदिशा स्टेट हाइवे 18 रोड पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यही वजह है कि इस क्षेत्र में दुर्घटना में यदि किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है तो उसके पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को यहां से वहां भटकना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी से भी कई बार मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र ही मर्चुरी रूम बनाया जाए। ताकि कोई भी दुर्घटना,एक्सीडेंट या हत्या जैसे मामलों में मृतक के परिजनों को शव के पोस्टमार्टम के लिए परेशान न होना पड़े। लेकिन अभी तक स्थानीय ग्रामीणों की मांग पूरी नही हुई है। गुरुवार को भी हत्या के मामले में मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराने को केकर लेकर परिजनों को 16 किलोमीटर दूर सांची सिविल अस्पताल जाना पड़ा।

इनका कहना है।

खोहा गांव में देवर ने अपनी भाभी की डंडे से सिर पर वार कर के हत्या कर दी है। हत्या चाय खाना मांगने की बात पर की गई है। हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की तो वह घर में ही छुपा हुआ मिल गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28