अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले के सांची नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 11 में शनिवार रात करीब 8 बजे आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान एक मकान का छप्पर उड़ जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 11 निवासी दलपत सिंह राजपूत के मकान की चादर एवं अंग्रेजी कवेलू वाली छत तेज हवाओं के कारण अचानक उड़ गई। छप्पर उड़ते ही उस पर रखे पत्थर और अन्य सामग्री घर के अंदर गिरने लगी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घर के लोगों ने किसी तरह बाहर भागकर खुद को सुरक्षित किया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के अंदर रखा घरेलू सामान बारिश के पानी और छत उड़ने से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देकर नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। परिवार का कहना है कि सूचना देने के बावजूद रविवार तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं पटवारी द्वारा सोमवार को मौके का निरीक्षण करने की बात कही गई है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28