​अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम तिजालपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर यादव समाज की ओर से एक भव्य और धार्मिक जुलूस का आयोजन अत्यंत धूमधाम व श्रद्धा भाव के साथ किया गया। जन्माष्टमी उत्सव के तहत आयोजित इस भव्य शोभायात्रा की शुरुआत गांव स्थित ऐतिहासिक राधा-कृष्ण मंदिर से पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई।​राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू हुआ यह जुलूस ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों की गूंज के साथ पूरे गांव के मुख्य मार्गों एवं गलियों से होकर गुजरा। जुलूस के दौरान श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा माहौल धर्ममय और भक्तिमय हो गया। गांव के निवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा और उसमें शामिल श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया।

आसपास क्षेत्र के सैंकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद--इस अवसर पर न केवल तिजालपुर, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। जुलूस में बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। गांव का भ्रमण करने के पश्चात शोभायात्रा पुनः राधा-कृष्ण मंदिर परिसर पहुंची, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का शांतिपूर्ण समापन हुआ।

जुलूस शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ संपन्न--कार्यक्रम के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी स्वयं पुलिस बल के साथ जुलूस की शुरुआत से लेकर समापन तक पूरे समय उपस्थित रहे। पुलिस की चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने इस सफ़ल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28