-खेत में सुपर सीडर चलाकर पराली प्रबंधन का किया गया प्रदर्शन

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार सांची जनपद के ग्राम बागोद में कृषि विभाग द्वारा नरवाई प्रबंधन पर कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें उप संचालक कृषि केपी भगत ने किसानों से धान फसल अवशेष को नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने से मिट्टी के पोषक तत्वों को बनाए रखने वाले सूक्ष्म जीवाणु व खेतो के लाभदायक कीट खत्म हो जाते है। वातावरण प्रदूषित होता है, पालतू मवेशियों हेतु चारा भूसा की कमी ,पशु पक्षियों को आग से क्षति तथा समीप वाले खेतो में अग्नि दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। उप संचालक कृषि ने कहा कि ऐसी स्थिति से बचने के लिए पराली को जलाने के बजाय खेतो की मिट्टी में पराली को मिलाए जिसके लिए सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, रोटावेटर जैसे कृषि यंत्रो का उपयोग करने की सलाह दी गई। जो नरवाई को बारिक करके मिट्टी में मिला देते है जिससे भूमि में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा में बढ़ोत्तरी होती है जो फसल के अच्छे उत्पादन में सहायक है। कृषि विभाग के सहायक संचालक श्री सुनील सोने ने रासायनिक खेती के स्थान पर प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती अनुसार कृषकों के खेतों में उत्पादित और उपलब्ध गाय के गोबर, गौमूत्र ,भूसा और नीम पत्ती आदि का उपयोग खेतो में करके प्राकृतिक रूप से शुद्ध और बिना रसायन के जैविक अनाज का उत्पादन किया जा सकता है।किसान संगोष्ठी में सहायक कृषि यंत्री बीएस कोठारी द्वारा ग्राम में रोटावेटर, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर की प्रदर्शनी लगाकर और इन कृषि यंत्रों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। ग्राम के कृषक जुबेर रहमान के खेत मे सुपर सीडर को खेत मे चलाकर प्रदर्शन किया गया। उक्त प्रदर्शन को देखकर ग्राम के सभी कृषकों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई और सुपर सीडर का स्वयं के खेतों में बतर आने पर उपयोग करने की सहमति दी गई।


न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28