​अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची जनपद क्षेत्र के ग्राम अंबाडी में वर्षों से जर्जर और कीचड़ से बदहाल पड़े पुलिस चौकी मार्ग के कायाकल्प की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 को जोड़ने वाले इस बेहद महत्वपूर्ण रास्ते को जल्द से जल्द पक्के सीसी (सीमेंट कंक्रीट) रोड में तब्दील करने की पुरजोर मांग उठाई है।

15 से अधिक गांवों के स्कूली बच्चों की राह में रोड़ा--विधायक को अपनी आपबीती बताते हुए ग्रामीणों ने कहा कि अंबाडी का यह पुराना चौकी मार्ग केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से होकर रोजाना आसपास के करीब 10 से 15 गांवों के छात्र-छात्राएं 'पीएम श्री स्कूल' पढ़ाई करने जाते हैं। ​मानसून के दौरान यह रास्ता पूरी तरह दलदल और कीचड़ में तब्दील हो जाता है। कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण कई बार पैदल चलने वाले बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े और पुस्तकें खराब हो जाती हैं। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा हर पल बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग के पक्कीकरण की बाट जोही जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

समस्या सुनने के बाद विधायक का सकारात्मक आश्वासन--ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में कमल सिंह मीणा, अरुण सेन, महेंद्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने विधायक से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि यह मार्ग सीसी रोड बन जाता है, तो बारिश के दिनों में भी आवागमन पूरी तरह सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने ग्रामीणों की बात को बेहद गंभीरता से सुना और मार्ग की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे जनता की इस समस्या से भली-भांति अवगत हैं और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर निर्माण कार्य को जल्द स्वीकृति दिलाएंगे। विधायक ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की इस जायज मांग का शीघ्र से शीघ्र स्थायी निराकरण कराया जाएगा ताकि बच्चों और राहगीरों को कीचड़ से मुक्ति मिल सके।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28