PM किसान सम्मान निधि के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी ऐप डाउनलोड करते ही किसान के खाते से उड़ गए हज़ारों रुपये
-बच्चों ने डाउनलोड किया था फर्जी ऐप
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
साइबर ठगों ने एक बार फिर सरकारी योजना के नाम पर भोले-भाले ग्रामीण को निशाना बना लिया। रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरा निवासी किसान किशन सिंह लोधी के खाते से ₹18,200 की ठगी कर ली गई। जानकारी के अनुसार, किशन सिंह के मोबाइल पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के नाम से एक एपीके लिंक आया था। किसान के बच्चों ने अनजाने में उक्त एप डाउनलोड कर लिया। इसके कुछ समय बाद ही गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे, तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में उनके बैंक खाते से ₹18,200 उड़ गए। घटना का पता चलते ही किसान ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। किशन सिंह का कहना है कि लिंक डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया था, जिसके बाद खाते से पैसे अपने आप निकल गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर अपराधी अब सरकारी योजनाओं और सहायता योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ठगी कर रहे हैं। लगातार जागरूकता अभियान के बावजूद कई लोग अब भी इन जालसाजों के शिकार हो रहे हैं।
