-मोबाईल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कर रहे हैं तलाश

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

मंगलवार बुधवार की देर रात बांसखेड़ा गांव में हुई लूट के मामले में सलमतपुर थाना पुलिस की 3 टीमें रात-रात भर जागकर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। वहीं पुलिस रायसेन साईबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के ज़रिए भी सुराग ढूंढने में लगी है। इस लूट की वारदात में पुलिस के सामने सबसे बड़ी बाधा यह आ रही है कि फरियादी अभिषेक विश्वकर्मा का घर बांसखेड़ा गांव से लगभग दो से ढाई किलोमीटर दूर होने के कारण सीसीटीवी फुटेज नही मिल पा रहे हैं। और बताया जा रहा है कि सभी बदमाश मोबाइल का भी उपयोग नही कर रहे थे। इस वजह से आरोपियों का सुराग मिलने में पुलिस को बड़ी मशक्कत करना पड़ रही है। क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात होने के कारण रहवासियों में डर का माहौल बना हुआ है। गौरतलब है कि सलामतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच एक दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई थी। जिसमें खेत पर बने मकान में रह रहे एक विश्वकर्मा परिवार को हथियारों से लैस 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। लूट के दौरान महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई थी।

वारदात के समय बदमाशों का चेहरा नही ढकना कर रहा हैं संदेह पैदा---फरियादी अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि उनके घर मे लूट करने आए सभी बदमाशों ने वारदात के समय अपना चेहरा भी नही ढका था। सभी के चेहरे खुले हुए थे। जो संदेह पैदा कर रहा है।

फरियादी को मारते हुए पूछा  कि धान बेचने के रुपये कहाँ रखे हैं--पुलिस ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देते समय जब उनकी उम्मीद से कम रुपये मिलनें पर बदमाशों ने फरियादी अभिषेक विश्वकर्मा को डंडे से मारने हुए पूछा था कि तुमने धान भी बेची होगी उसका रुपये कहां रखे हैं। अभिषेक ने बताया कि उसने अभी धान बेची ही नही है।वहीं आरोपियों ने लूट करने से पहले नर्बदा प्रसाद के घर की रेकी भी की होगी। और सभी आरोपियों ने अपने वाहन कहीं दूर खड़े कर मौके पर पैदल ही आए थे।और लूट की वारदात को अंजाम देकर मौके से पैदल भागे थे।

इनका कहना है।

आरोपियों की तलाश में थाने की 3 टीमें लगातार सर्चिंग कर रही है। साईबर सेल की मदद से वारदात वाली रात की मोबाइल लोकेशन  निकाली जा रही है। और सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस पूरे प्रयास कर रही है कि मामले का शीघ्र ही खुलासा हो।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28