मजबूर दीवानगंज के गणपत सिंह

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज क्षेत्र के निवासी वृद्ध गणपत सिंह पिछले छह माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। गणपत सिंह का कहना है कि पहले वे मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपना गुजारा कर लेते थे, लेकिन अब उम्र अधिक होने के कारण नियमित मजदूरी भी नहीं कर पाते। ऐसे में वृद्धावस्था पेंशन ही उनके जीवन-यापन का प्रमुख सहारा थी। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से पेंशन की राशि उनके खाते में नहीं आई है। इस संबंध में वे कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गणपत सिंह ने प्रशासन से जल्द पेंशन शुरू कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सांची विकासखंड में गणपत सिंह अकेले ऐसे हितग्राही नहीं हैं जिनकी पेंशन रुकी हुई है। कई अन्य पात्र वृद्धजन भी पिछले छह महीनों से पेंशन का इंतजार कर रहे हैं। वहीं इस मामले में दीवानगंज पंचायत सचिव रामप्रसाद मालवीय ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले हितग्राहियों की केवाईसी का कार्य किया जा रहा है पंचायत में 63 हितग्राही हैं उनमें से लगभग सबकी केवाईसी हो चुकी है एक दो लोग ही बचे हैं। केवाईसी पूर्ण होने के बाद राशि खाते में आ जाएगी।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28