राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने सलामतपुर में निकाला पथ संचलन, जगह जगह हुआ स्वागत
-पथ संचलन के दौरान सलामतपुर की सड़कों पर देशभक्ति और अनुशासन की मिसाल देखने को मिली।
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को सलामतपुर नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कृषि उपज मंडी मैदान से हुई जहां पर संचालन के प्रारंभ में एकत्रीकरण के समय वक्ताओं का उद्बोधन प्राप्त हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि शिवराज भार्गव, मुख्य वक्ता राजेन्द्र जी खोड़के और गौरव जी सक्सेना मौजूद रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में बताया गया संघ की स्थापना 1925 में नागपुर में हुई थी। तब से लेकर संघ पिछले 100 वर्षों से केवल और केवल हिंदू समाज को संगठित करने के कार्य में लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि आज भी देश के सामने अनेक चुनौतियां अपने पैर फैला रही हैं। सभी संकटों का हल केवल और केवल हिंदू समाज के जागरण से ही होने वाला है। उद्बोधन के उपरांत स्वयंसेवकों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ पथ संचलन प्रारंभ किया। घोष की मधुर धुन पर पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए लगभग 500 स्वयंसेवकों ने नगर भ्रमण किया। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवक भारत माता की जय के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पथ संचलन के सफल संचालन हेतु बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व्यवस्था में जुटे रहे। संचलन नगर के प्रमुख मार्गों व गलियों से होते हुए पुनः कृषि उपज मंडी पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान सलामतपुर की सड़कों पर देशभक्ति और अनुशासन की मिसाल देखने को मिली।
