​-सलामतपुर क्षेत्र के 28 गांवों के 1,900 किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य

​-अल-नीनो और मौसम की अनिश्चितता के बीच किसानों के लिए 'सुरक्षा कवच' बनी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची जनपद स्थित सलामतपुर प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था में इन दिनों खरीफ वर्ष 2026 के लिए फसल बीमा कराने वाले किसानों की चहल-पहल बनी हुई है। मौसम की अनिश्चितता और प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को देखते हुए किसान अपनी फसलों की सुरक्षा के प्रति सजग नज़र आ रहे हैं। अब तक क्षेत्र के लगभग 400 किसान योजना का लाभ उठाकर अपनी फसलों का बीमा करा चुके हैं।

31 जुलाई है अंतिम तारीख: प्रबंधक ने की अपील--सलामतपुर सहकारी संस्था के अंतर्गत कुल 28 गांव और लगभग 1,900 किसान आते हैं। संस्था के प्रबंधक कुंवर सिंह दांगी ने सभी ऋणी एवं अऋणी किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र अति शीघ्र अपनी फसलों का बीमा कराएं।

अल-नीनो का खतरा और फसल बीमा का महत्व--मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार इस वर्ष अल-नीनो के प्रभाव से कम बारिश, अनियमित वर्षा या सूखे जैसी परिस्थितियां बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसी स्थिति में खरीफ फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।​यही वजह है कि प्राकृतिक और अनियंत्रित परिस्थितियों—जैसे सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़, जलभराव, ओलावृष्टि, चक्रवात, तेज हवा, बिजली गिरने तथा कीट एवं रोगों से होने वाले नुकसान की स्थिति में यह योजना किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच का काम करती है। गौरतलब है कि जिले में खरीफ वर्ष 2025 के दौरान 76,116 किसानों ने 1.83 लाख हेक्टेयर रकबे का बीमा कराया था।

खरीफ 2026: प्रमुख फसलों की प्रीमियम दरें (प्रति हेक्टेयर)--

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2026 के लिए कृषक अंश प्रीमियम निर्धारित है। जिसमें धान सिंचित फसल हेतु 1,020 रू प्रति हेक्टेयर, धान असिंचित फसल हेतु 684 रू प्रति हेक्टेयर, सोयाबीन फसल हेतु 758 रू प्रति हेक्टेयर तथा मक्का फसल हेतु 604 रू प्रति हेक्टेयर एवं जिला स्तरीय उड़द फसल हेतु 486 रू प्रति हैक्टेयर राशि निर्धारित है। खरीफ 2026 के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज़--जो किसान अपनी फसल का बीमा कराना चाहते हैं, वे अपनी संस्था या बैंक शाखा में निम्नलिखित दस्तावेज़ों के साथ संपर्क कर सकते हैं।आधार कार्ड की फोटोकॉपी,बैंक पासबुक की प्रति,ज़मीन की पावती/खसरा-खतौनी, बुआई का प्रमाण पत्र (पटवारी या संबंधित अधिकारी द्वारा जारी। सलामतपुर संस्था प्रबंधन ने क्षेत्र के सभी 1,900 किसानों से आग्रह किया है कि वे 31 जुलाई 2026 से पहले अपना पंजीकरण कराकर अपनी मेहनत और फसल को सुरक्षित करें।

इनका कहना है।

​"प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026 की अधिसूचित फसलों के बीमा की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है। अंतिम दिनों में होने वाली तकनीकी परेशानी या भीड़ से बचने के लिए किसान समय रहते अपने दस्तावेज़ जमा कराएं।"

कुंवर सिंह दांगी (प्रबंधक, सलामतपुर सहकारी संस्था)

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर ईन चीफ IND28