अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

कस्बे के पास घोड़ापछाड़ नदी पर बना करीब 100 साल पुराना पुल इन दिनों हादसे का इंतजार कर रहा है। भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर स्थित इस पुल के दोनों सिरों पर करीब 7 फीट लंबे और 8 इंच तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। मुख्य सड़क पर लंबी दरारें हैं। भारी वाहन गुजरते हैं तो पुल में कंपन महसूस होता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी एमपीआरडीसी ने केवल रेलिंग की मरम्मत और गड्ढों पर अस्थायी डामर की लीपापोती कर खानापूर्ति की है। हर चार मिनट में सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।पुल की सड़क पर बने गड्ढों और दरारों से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। आए दिन मोटरसाइकिल और स्कूटर के टायर दरारों में फंस जाते हैं, जिससे चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। स्कूली बसों और अन्य वाहन चालकों में भी अनहोनी का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना और मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार भोपाल, विदिशा, सागर, बीना और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। व्यस्त मार्ग पर पुल की जर्जर स्थिति से हादसे का खतरा बढ़ गया है।

रेलिंग सुधारी, मुख्य ढांचे की सुध नहीं---स्थानीय निवासियों के अनुसार पूर्व में शिकायतों के बाद विभाग ने पुल की टूटी रेलिंग की मरम्मत कर दी, लेकिन मुख्य सड़क और ढांचे की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि दबाव बढ़ने पर गड्ढों में डामर डालकर अस्थायी मरम्मत कर दी जाती है, जो बारिश और भारी ट्रैफिक के दबाव में कुछ ही दिनों में उखड़ जाती है। इसके बाद गड्ढे और दरारें फिर उभर आती हैं।

वीआईपी रूट पर भी जिम्मेदार बेपरवाह---यह मार्ग आम जनता के साथ ही जनप्रतिनिधियों और वीआईपी की आवाजाही के लिए भी महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विदिशा आना-जाना इसी मार्ग से होता है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की भी इस मार्ग से आवाजाही बनी रहती है। यह क्षेत्र पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वर्तमान सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद पुल की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी---रातातलाई ग्राम पंचायत के सरपंच रघुवीर मीणा ने कहा, “भोपाल-विदिशा हाईवे-18 के मुक्तापुर गांव के पास स्थित यह पुल बेहद जर्जर हो चुका है। बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिम्मेदार अफसर ध्यान न देकर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।”

कांग्रेस नेता नीरज जैन ‘बंटी भैया’ ने कहा, 100 साल पुराने इस पुल में बार-बार गड्ढे हो जाते हैं। पुल के दोनों तरफ गहरे-गहरे गड्ढे हैं। बाइक चालक गिरकर घायल हो रहे हैं और कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।

वाहन चालक दीपक अहिरवार ने बताया, “मैं प्रतिदिन स्कूली बच्चों को घर से लेने और स्कूल छोड़ने इसी पुल से गुजरता हूं। पुल पर बहुत गहरा और लंबा गड्ढा हो गया है, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। डर लगता है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। शिकायतों के बाद भी अफसर कुंभकर्णी नींद में सोए हैं।”

ग्रामीणों का कहना है कि पुल की स्थिति को देखते हुए एमपीआरडीसी को तत्काल निरीक्षण कर स्थायी मरम्मत करानी चाहिए। साथ ही, यदि पुल की क्षमता और ढांचे में गंभीर कमी है तो नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले खतरा टाला जा सके।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28