कृषि रसायनों के लिए अब किसान नही होंगे परेशान, सलामतपुर सहकारी समिति को मिला लाइसेंस
-अंतरराष्ट्रीय सहकारी दिवस पर सहकारी प्रशासक ने फीता काटकर किया केंद्र का शुभारंभ
-समिति में 1400 किसानों को मिलेंगी कम दामों पर 15 प्रकार की कीटनाशक दवाएं
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर सलामतपुर की सहकारी संस्था में किसानों को कीटनाशक दवाएं आसानी के साथ कम दामों पर उपलब्ध होंगी। क्योंकि इफको एमसी कॉर्प साइंस द्वारा संस्था को कीटनाशक दवाएं कम दामों पर किसानों को उपलब्ध कराने के लिए लाइसेंस दे दिया गया है। भारत में उर्वरकों का सबसे बड़ा उत्पादक और विपणनकर्ता, भारतीय कृषक उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) ने कृषि रसायन व्यवसाय की वैश्विक कंपनी, जापान की मित्सुबिशी कारपोरेशन के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित किया है। मंगलवार को सहकारी संस्था में कीटनाशक दवाओं के केंद्र का उदघाटन प्रशासक पूनम बट्टी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व संस्था अध्यक्ष शेर सिंह राजपूत ने की। इस दौरान अखिलेश नैन सहकारिता अधिकारी, इफको एमसी क्रॉप साइंस से द्विवेदी जी, ओमप्रकाश मेवाड़ा, सहकारी संस्था सलामतपुर प्रबंधक कुंवर सिंह दांगी, सांची संस्था प्रबंधक नरेश राजपूत, सहकारी संस्था पगनेश्वर प्रबंधक नवल मेहरा कार्यक्रम में मौजूद रहे। संस्था के प्रबंधक कुंवर सिंह दांगी ने बताया कि संस्था अंतर्गत 28 गांवों के लगभग 1400 किसान आते हैं। उन्होंने कहा की क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर बड़ी सौगात मिल गई है। अब किसानों को कीटनाशक दवाओं के लिए प्रायवेट दुकानों पर परेशान नही होना पड़ेगा। किसानों को सलामतपुर संस्था में ही लगभग 15 प्रकार की कीटनाशक दवाएं आसानी के साथ कम दामों पर मिल जाएंगी। जो उन्हें गेंहू और धान की फसलों में लगने वाले कीड़ो वगैरह से बचाने में काम आएगी। वहीं इफको एमसी क्रॉप साइंस से आए अधिकारियों ने कार्यक्रम में मौजूद लगभग दो सौ किसानों को कीटनाशक दवाइयां कैसे उपयोग करना है और क्या सावधानियां रखनी है आदि बातें समझाईं।
