काछी कानाखेड़ा में घर के पास निकला जहरीला सांप, सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सांची के काछी कानाखेड़ा गांव में एक घर के पास जहरीला सांप निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सबसे पहले एक छोटी बच्ची की नजर सांप पर पड़ी, जिसने तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि सांप काफी खतरनाक और जहरीला था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने सर्प मित्र प्रभु नाथ को सूचना दी, जो मूलतः भोपाल निवासी हैं और वर्तमान में सलामतपुर चौराहा क्षेत्र में रह रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभु नाथ मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जिंदा पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सर्प मित्र प्रभु नाथ ने बताया कि वे कई वर्षों से सांपों का रेस्क्यू कर रहे हैं और पकड़े गए सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें।
