नरखेड़ा गांव में PM योजना की अधूरी सड़क बनी परेशानी का सबब, ठेकेदार की लापरवाही से ग्रामीण आक्रोशित
-सीसी रोड निर्माण में 700 से 800 मीटर हिस्सा छोड़ा अधूरा
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सांची जनपद क़े ग्राम नरखेड़ा में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क को ठेकेदार द्वारा अधूरी छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर 2 बजे बताया कि ठेकेदार द्वारा सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया गया, लेकिन बीच गांव में लगभग 700 से 800 मीटर हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। अधूरी सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार मनमानी कर रहा है और उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं, ग्राम सरपंच ने भी ठेकेदार की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए बताया कि कई बार उसे कार्य पूरा करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिम्मेदार अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो वे मजबूरन आंदोलन का सहारा लेंगे। अधूरी सड़क न केवल विकास कार्यों में बाधा बन रही है बल्कि ग्रामीणों के दैनिक जीवन को भी प्रभावित कर रही है।
