मंत्री ने सांची विवि में छात्रों की संख्या पर उठाए सवाल, बोले-किसी कोर्स को बिना अनुमति बंद न किया जाए
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में संस्कृति, पर्यटन एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने दौरा कर निर्माण कार्यों को देखा और समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। समीक्षा बैठक में मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने पूछा कि 23-25 नवंबर, 2025 तक हो रहे इंडियन सोसायटी फॉर बुद्धिस्ट स्टडीज़ कार्यक्रम से लाभान्वित होने वाली संस्था से विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारी के रिश्तेदार जुड़े हुए हैं जो कि सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। इस विषय को लेकर मीडिया में चर्चा हो रही है जिसका बजट 40-50 लाख है। मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार किसी भी रिश्तेदार से जुड़ी संस्था को शासन की कोई भी संस्था लाभ नहीं पहुंचा सकती। मंत्री जी ने कहा कि इस विषय पर ध्यान दिया जाए एवं परीक्षण कराया जाए। मंत्री जी ने विश्वविद्यालय के छात्रों की संख्या के विषय में भी जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि इस वर्ष कुल कितने छात्रों ने प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में हर वर्ष इतने कम छात्र क्यों प्रवेश ले रहे हैं। छात्रों की संख्या में वृद्धि के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन क्या कर रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय पदाधिकारियों से कहा कि वो किसी भी पाठ्यक्रम को बिना शासन की अनुमति के बंद न करें। संस्कृति मंत्री ने विश्वविद्यालय पदाधिकारियों से प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए अधिकारियों-कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी प्रदान करने को कहा। मंत्री लोधी ने भवन निर्माण के विषय में भी जानकारी ली। और भ्रमण के दौरान देखी गई कमियों को ठीक करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय पदाधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि समीक्षा बैठक के समीक्षा बिंदु तैयार कर उनके कार्यालय में भिजवाए जाएं।
बोधि वृक्ष के किये दर्शन---साँची विश्वविद्यालय परिसर में उन्होंने सर्वप्रथम बोधि वृक्ष के दर्शन किए और पौधारोपण किया। बोधि वृक्ष पर मंत्रीजी का स्वागत कुलगुरू प्रो. वैद्यनाथ लाभ, कुलसचिव विवेक पाण्डेय ने किया। बोधि वृक्ष दर्शन उपरांत मंत्री महोदय ने समस्त शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों से औपचारिक भेंट की और साँची विश्वविद्यालय के नए परिसर का निरीक्षण भी किया। मंत्री महोदय ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में समस्त शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों के एक साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें नवीन परिसर निर्माण, पाठ्यक्रमों एवं छात्रों की संख्या के अलावा विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्माण संबंधी कार्य समय पर पूरा करने एवं रास्तों के साथ फुटपाथ बनाने का भी सुझाव निर्माण एजेंसी को दिया। कुलगुरू प्रो. लाभ और कुलसचिव विवेक पाण्डेय की मौजूदगी में मंत्रीजी ने साँची विश्वविद्यालय को यथायोग्य सहायता एवं सुविधाएं देने का आश्वासन दिया। धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि स्थापना के अनुरूप साँची विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का उनका संकल्प है एवं विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों कर्मचारियों को इस संबंध में मिलकर प्रयास करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि बौद्ध अध्ययन और भारतीय दर्शन तथा भारतीय धर्म और संस्कृति से जुड़े विषयों पर सांची विश्वविद्यालय को अन्य नए-नए पाठ्यक्रम भी लाने चाहिए। समीक्षा बैठक में मंत्रीजी का स्वागत करते हुए कुलुगुरु प्रो वैद्यनाथ लाभ ने विश्वविद्यालय की प्रगति से अवगत कराया। उन्होने मंत्रीजी को इंडियन सोसायटी फॉर बुद्धिस्ट स्टडीज (ISBS) के रजत जयंती सम्मेलन में भी आमंत्रित किया। कुलसचिव विवेक पाण्डेय ने आभार प्रकट किया। 
