अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में 23 से 25 नवंबर के बीच इंडियन सोसायटी फॉर बुद्धिस्ट स्टडीज (ISBS) का रजत जयंती सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन बौद्ध अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के 150 से अधिक विद्वानों, शोधकर्ताओं और बौद्ध धर्म के विशेषज्ञों की सहभागिता होगी। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर बैद्यनाथ लाभ ने प्रेस वार्ता में बताया कि सम्मेलन में वियतनाम, श्रीलंका और म्यांमार से प्रतिष्ठित बौद्ध विद्वान शामिल हो रहे हैं, जो बौद्ध दर्शन, संस्कृति और इतिहास पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। वहीं भारत के नव नालंदा महाविहार, दिल्ली विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, कोलकाता विश्वविद्यालय, जम्मू विश्वविद्यालय तथा अनेक शोध संस्थानों से भी प्रतिनिधि भाग लेने आ रहे हैं। लखनऊ, पटना, पुणे, नागपुर, चेन्नई और बनारस से भी विद्वानों के आगमन की पुष्टि हो चुकी है। सम्मेलन में मध्यप्रदेश में बौद्ध कला एवं स्थापत्य तथा बौद्ध और भारतीय अध्ययन के प्रमुख विद्वान प्रो. जी.सी. पाण्डे पर दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रो. पाण्डे के लेखन, शोध और उनके बौद्ध दृष्टिकोण पर चर्चा होगी। इसके अलावा सम्मेलन के दौरान चार समानांतर सत्रों में बौद्ध दर्शन, इतिहास, साहित्य और समकालीन बौद्ध विमर्श पर शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। यह आयोजन साँची को वैश्विक बौद्ध अध्ययनों के केंद्र के रूप में और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सम्मेलन में पहुंचे प्रतिनिधि साँची की ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक विरासत का भी अवलोकन करेंगे।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28