-प्राचीन से आधुनिक भारत तक की झलकियां बच्चों की पेंटिंग में जीवंत

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में करीब 400 स्कूल और कॉलेज के बच्चों ने चित्रकारी की।  90 बच्चों ने ऑनलाइन होकर अपनी कला प्रस्तुत की।  11-28 आयुवर्ग के लोगों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में कई कम उम्र के बच्चों ने भी सम्मिलित होकर सुंदर और कलात्मक तस्वीरें बनाईं। ‘प्राचीन भारत का गौरवमय अतीत एवं वर्तमान भारत की उपलब्धियां और चुनौतियां’ विषय पर बच्चों ने वैदिक काल, बुद्ध काल और आधुनिक काल में भारत की वैश्विक उपलब्धियों को उकेरा। कोई चांद और मंगल पर अपने यान भेज रहा था तो किसी ने तमाम शक्तियों पर आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस को भारी दिखाया। कोई पुराने किलों की दीवारों पर रंग भर रहा था तो किसी ने भारत के अतीत और वर्तमान के साथ-साथ भविष्य को अपनी पेंटिग्स के माध्यम से दर्शाया। कई बच्चों ने देश के क्रांतिवीरों और शहीदों को याद किया।विश्वविद्यालय के भारतीय चित्रकारी विभाग की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर आयोजित सेवा पर्व 2025 के उपलक्ष में आयोजित इस आयोजन में सांची-विदिशा और भोपाल के 14 स्कूलों के साथ-साथ अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय के छात्र भी सम्मिलित हुए। बच्चों में चित्रकारी के जज़्बे को देखते हुए इन स्कूलों ने अपनी बसों और दूसरे साधनों से बच्चों को विश्वविद्यालय भिजवाया था। चित्रकारी प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम के बाद नवोदित चित्रकारों ने लगातार 2 घंटे तस्वीरें बनाते हुए बिताए। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. वैद्यनाथ लाभ और कुलसचिव विवेक पाण्डेय ने इस आयोजन के लिए सबको बधाई दी। विवेक पाण्डेय ने कहा कि चित्रकारी प्रतियोगिता का उद्देश्य न सिर्फ बच्चों की कला को एक प्लेटफॉर्म देना था बल्कि उन्हें यह भी बताना था कि विश्वविद्यालय कैसे होते हैं, एक संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास के लिए क्या सुविधाएं वो देते हैं तथा छात्र अपनी भविष्य की पढ़ाई कैसे विश्वविद्यालयों में कर सकते हैं। 

14 स्कूलों के छात्र हुए शामिल--चित्रकारी के जोश और जज़्बे के साथ सरोजिनी नायडू कॉलेज भोपाल, एम.एल.बी कॉलेज, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, शासकीय कन्या स्कूल सांची, ज्ञान गंगा कॉन्वेंट सांची, ओलंपस स्कूल विदिशा, ब्राइट फ्यूचर सलामतपुर, संदीपनी स्कूल सांची, शासकीय हाई स्कूल सलामतपुर, स्वामी विवेकानंद स्कूल सांची, सेंट ज़ेवियर स्कूल सांची और सम्राट अशोक स्कूल सांची के बच्चे बड़ी संख्या में पेंटिंग करने पहुंचे। सूर्य के विभिन्न आयामी रंगों के अलावा भी छोटे बच्चे अन्य रंगों का भी उपयोग पूरी आज़ादी से कर रहे थे। 

विजेताओं को करेंगे पुरस्कृत--प्रतियोगिता में 11 से 14 आयु वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार नकद 3000 रुपए, 15 से 18 आयु वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार नकद 5000 रुपए तथा 19 से अधिक आयु वर्ग के लिए नकद 7000 रुपए रखा गया है। द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ दो वर्गों में 3-3 सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए हैं। नकद पुरस्कारों के अलावा विजेताओं को डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। विजेताओं का चयन विशिष्ट विशेषज्ञों की समिति करेगी। 


न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28