-घरेलू बिजली के खंभे नहीं लगने से दूर-दूर से कनेक्शन लेने को मजबूर लोग, विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप

अदनान खान सांची रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 7 से कांग्रेस की एकमात्र पार्षद राधा रवि अहिरवार ने नगर परिषद अध्यक्ष पर विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।पार्षद राधा अहिरवार ने बताया कि उनके वार्ड में घरेलू उपयोग के लिए बिजली के खंभे लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक खंभे नहीं लगाए गए। उनका कहना है कि बिजली के खंभे दूर-दूर होने के कारण वार्ड के लोगों को काफी दूरी से बिजली के तार खींचकर अपने घरों तक कनेक्शन ले जाना पड़ रहा है, जिससे लोगों को परेशानी के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी खतरे का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के अन्य वार्डों में आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि वार्ड क्रमांक 7 की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनका कहना है कि नगर परिषद अध्यक्ष और अधिकांश पार्षद भाजपा से हैं, जबकि वे कांग्रेस की एकमात्र पार्षद हैं। इसी कारण उनके वार्ड के साथ राजनीतिक भेदभाव किया जा रहा है।

पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वार्ड क्रमांक 7 में घरेलू बिजली के नए खंभे लगाए जाएं तथा अन्य लंबित विकास कार्य भी शीघ्र कराए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28