-आमखेड़ा स्थित हेलीपैड से दूल्हा-दुल्हन की हुई विदाई, देखने पहुंची भीड़

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

ऐतिहासिक नगरी सांची, जहां आसपास के आलीशान होटल और रिसॉर्ट में अक्सर भव्य और वीआईपी शादियां होती रहती हैं, वहीं इस बार एक ऐसी अनोखी और शाही शादी देखने को मिली जिसने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। सांची क्षेत्र में पहली बार दूल्हा-दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से होने का अनोखा नजारा सामने आया।

जानकारी के अनुसार रायसेन जिले के गैरतगंज निवासी बोरवेल कारोबारी एवं समाजसेवी संतोष राय के छोटे बेटे अनुज राय का विवाह गुना जिले की सुभाशा के साथ संपन्न हुआ। यह विवाह समारोह सांची स्थित एक होटल में पिछले तीन दिनों से धूमधाम से चल रहा था। शादी समारोह में पारंपरिक रस्मों के साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।

रविवार को आयोजित विदाई समारोह इस शादी का सबसे खास और ऐतिहासिक क्षण बन गया, जब सांची के पास आमखेड़ा स्थित हेलीपैड से दूल्हा-दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई। हेलीकॉप्टर को देखने और इस अनोखी विदाई के साक्षी बनने के लिए सांची और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में आमखेड़ा हेलीपैड पर पहुंच गए। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सांची थाना पुलिस बल भी तैनात रहा। बताया जा रहा है कि सांची के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी शादी में दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से विदा हुए। वहीं जब नवविवाहित जोड़ा हेलीकॉप्टर से गैरतगंज पहुंचा, तो वहां भी यह शादी चर्चा और आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गई, क्योंकि गैरतगंज में भी यह पहला मौका था जब किसी दूल्हा-दुल्हन ने हेलीकॉप्टर से आगमन किया। सूत्रों के मुताबिक इस शाही विवाह समारोह में लगभग 40 लाख रुपये का खर्च आया, जिसमें हेलीकॉप्टर का खर्च ही करीब 8 लाख रुपये बताया जा रहा है। इस भव्य आयोजन ने न केवल सांची बल्कि पूरे रायसेन जिले में शाही शादी की नई मिसाल पेश कर दी है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28