-तेंदुए के मूवमेंट के चलते क्षेत्र में दहशत का माहौल

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सांची विकासखंड के केमखेड़ी घोड़ाचौक क्षेत्र में तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। तेंदुए के इस हमले में तीन बकरियों की भी मौत हो गई। घायल के भाई के अनुसार, ग्राम केमखेड़ी निवासी पवन लोधी (38) पुत्र मंगीलाल लोधी, जो सुन और बोल नहीं सकता, सुबह अपनी बकरियां चराने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक पवन और उसकी बकरियों पर हमला बोल दिया। पवन ने बकरियों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुए ने उसे भी निशाना बना लिया। किसी तरह जान बचाकर पवन भाग निकला और ग्रामीणों को सूचना दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची हमले में घायल पवन को सांची सिविल अस्पताल में इलाज कराया गया।ग्रामीणों के अनुसार, यही तेंदुआ पिछले कुछ सप्ताहों में आसपास के गांवों में कई मवेशियों का शिकार कर चुका है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

तेंदुआ अब तक 30 मवेशियों पर कर चुका हैं हमला--पश्चिम वन क्षेत्र के ग्राम कायमपुर, नरखेड़ा, कुल्हाड़िया, केमखेड़ी और सत्ती गांव सहित आसपास क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते आतंक से ग्रामीण परेशान और भयभीत हैं। गांव में तेंदुआ लगातार मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है। पिछले एक साल में तेंदुआ अब तक 30 मवेशियों पर हमला कर चुका है। कुछ दिन पूर्व भी एक ग्रामीण के घर के पीछे बंधे गाय के बछड़े पर तेंदुए ने हमला किया था। यह घटना रात करीब 2 बजे की थी। तेंदुए के हमले से बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया था और जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उसकी मौत हो गई थी। बताया कि एक साल पहले भी उनके एक अन्य बछड़े को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है। यह दूसरी बार था जब उनके मवेशी पर तेंदुआ ने हमला किया। गांव के लोग तेंदुए के डर से रातों में बाहर निकलने से डरते हैं। एक साल से तेंदुए के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं ।ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मवेशियों को बचाया जा सके।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28