सलामतपुर के युवाओं की पहल से बदली श्मशान घाट की सूरत
-साफ सफाई की व्यवस्थाओं को लेकर युवाओं ने उठाया बीड़ा
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
कस्बे के युवाओं ने स्थानीय श्मशान घाट पर हर सप्ताह श्रमदान कर उसकी तस्वीर ही बदल दी। युवाओं ने साफ सफाई करते हुए यहां पर उग आई झाड़ियों को हटाने सहित अन्य साफ सफाई की व्यवस्थाओं का बीड़ा उठाया है। युवा हर सप्ताह रविवार के दिन श्मशान घाट पर सुबह से ही पहुंचकर दिन भर साफ सफाई करते हैं। युवाओं ने अन्य लोगों से भी अभियान में शामिल होने की अपील की थी। अपील का असर यह हुआ कि कस्बे के युवा बड़ी संख्या में यहां पहुंचे और श्मशान घाट को साफ और व्यवस्थित कर दिया। इसके साथ ही शमशान घाट में अंदर सीसी रोड का भी निर्माण पूरा ही गया है। युवाओं के साथ ही सुनारी सलामतपुर सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह राजपूत भी अपना पूरा सहयोग देते हैं।
हर सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करके स्वच्छता के इस संकल्प को किया चरितार्थ--युवाओं ने कहा कि अभियान में सभी ने शपथ लेते हुए कहा कि हम हर वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करके स्वच्छता के इस संकल्प को चरितार्थ करेंगे। न गंदगी करेंगे न किसी और को करने देंगे। सबसे पहले हम स्वयं से, धार्मिक स्थलों से, मेरे परिवार से, मेरे मुहल्ले से, मेरे गाँव से एवं मेरे कार्यस्थल से शुरुआत करेंगे। और हम सब यह मानते हैं कि दुनिया के जो भी देश स्वच्छ दिखते हैं उसका कारण यह है कि वहां के नागरिक गंदगी नहीं करते और न ही होने देते हैं। श्मशान घाट के साथ ही गांव-गांव और गली-गली स्वच्छता का प्रचार भी करेंगे। और आज जो शपथ ले रहे हैं, वह अन्य 100 व्यक्तियों से भी करवाएंगे। और उनसे कहेंगे कि वह भी हमारी तरह स्वच्छता के लिए 100 घंटे दें, इसके लिए प्रयास करेंगे। और कहा कि हमें मालूम है कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया हमारा एक कदम पूरे भारत देश के धार्मिक स्थानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा।
