-सलामतपुर पुलिस टीम की मेहनत, सोशल मीडिया और एक राहगीर की सतर्कता से परिवार से मिला श्रवण

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

​भोपाल के साकेत नगर से शनिवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां रहने वाला केजी-2 कक्षा का छात्र, श्रवण कुमार धुर्वे, अचानक अपनी साइकिल लेकर घर से काफी दूर निकल गया। मासूम श्रवण मूल रूप से डिंडोरी जिले के रनगांव का निवासी है और उसके पिता का नाम बजरु सिंह धुर्वे है। वह भोपाल में अपनी बहन हेमवती पिता छोटा सिंह मसराम के साथ रह रहा था। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

अमित अहिरवार की सतर्कता ने बचाया--जब मासूम श्रवण साइकिल चलाते हुए भोपाल बाईपास पर पहुंच गया, तो वह रास्ता भटक चुका था और पैदल आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान विदिशा की उदयनगर कॉलोनी के निवासी अमित अहिरवार (पिता माधो अहिरवार) की नजर उस पर पड़ी। सुनसान और अनजान राह पर एक छोटे बच्चे को इस तरह अकेले जाते देख अमित को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चे को अपने पास सुरक्षित रखा और तुरंत इसकी सूचना सलामतपुर पुलिस को दी। अमित ने बिना समय गंवाए बच्चे को सलामतपुर पुलिस के हवाले कर दिया।

सलामतपुर पुलिस का त्वरित एक्शन: 12 घंटे में ऑपरेशन सफल--बच्चे के थाने पहुंचते ही सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह ने त्वरित और सराहनीय कदम उठाया। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिना वक्त जाया किए बच्चे की फोटो और उससे जुड़ी सारी जानकारी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और लोकल ग्रुप्स पर वायरल कर दी।​पुलिस की इस डिजिटल सक्रियता का परिणाम बेहद सकारात्मक रहा। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के महज 12 घंटे के भीतर ही बच्चे के परिजनों तक यह खबर पहुंच गई कि उनका लाडला सलामतपुर थाने में पूरी तरह सुरक्षित है। इस मामले में थाने की महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

परिजनों की आंखों में आए खुशी के आंसू, पुलिस का जताया आभार--जैसे ही बच्चे के सलामतपुर थाने में होने की सूचना मिली, शनिवार रात में ही उसकी बहन हेमवती और परिजन सुरेंद्र सिंह पटेल आनन-फानन में थाने पहुंचे। कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सलामतपुर पुलिस ने मासूम श्रवण को सुरक्षित उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया। अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह, उनकी टीम और सजग नागरिक अमित अहिरवार का सहृदय आभार व्यक्त किया, जिनकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28