अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
रायसेन जिले के ग्राम गीदगढ़ टोला में तेंदुए के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी आजम खान के खेत पर बंधे मवेशियों में से एक गाय के बछड़े पर तेंदुए ने हमला कर उसे मार डाला। घटना के समय खेत पर दो मवेशी बंधे हुए थे, लेकिन तेंदुए ने केवल बछड़े को ही निशाना बनाया जबकि दूसरी गाय को छोड़ दिया। सुबह जब आजम खान खेत पर पहुंचे तो देखा कि उनका बछड़ा मृत अवस्था में पड़ा हुआ था, उसके शरीर पर बड़े घाव और दांतों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। इससे स्पष्ट हुआ कि उस पर तेंदुए ने हमला किया था। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी गांव के आसपास कई मवेशियों पर तेंदुए के हमले हो चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है।

तेंदुआ अब तक 26 मवेशियों पर कर चुका हैं हमला--पश्चिम वन क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ा, कुल्हाड़िया और सत्ती गांव सहित आसपास क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते आतंक से ग्रामीण परेशान और भयभीत हैं। गांव में तेंदुआ लगातार मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है। पिछले एक साल में तेंदुआ अब तक 26 मवेशियों पर हमला कर चुका है। कुछ दिन पूर्व भी एक ग्रामीण के घर के पीछे बंधे गाय के बछड़े पर तेंदुए ने हमला किया था। यह घटना रात करीब 2 बजे की थी। तेंदुए के हमले से बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया था और जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उसकी मौत हो गई थी। बताया कि एक साल पहले भी उनके एक अन्य बछड़े को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है। यह दूसरी बार था जब उनके मवेशी पर तेंदुआ ने हमला किया। गांव के लोग तेंदुए के डर से रातों में बाहर निकलने से डरते हैं। एक साल से तेंदुए के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं ।ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मवेशियों को बचाया जा सके।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28