-नवागत थाना प्रभारी ने शीघ्र समस्या के समाधान का दिया आश्वासन

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

​आगामी त्योहारों को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सलामतपुर थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नवागत थाना प्रभारी श्यामराज सिंह ने की। इस दौरान सुनारी सलामतपुर सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह राजपूत, रातातलाई सरपंच रघुवीर सिंह मीणा, बबलू पठान, मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल, नीरज जैन, मकसूद मंसूरी, बल्लभदास अग्रवाल, संजीव यादव, गोपाल राठौर, देवेंद्र शर्मा,अनूप अग्रवाल, ज़हीर मंसूरी, किशन मीणा, रूपेश यादव, राजेश लोधी सहित क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में ग्रामीण और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या 'हाइवे 18' पर बेलगाम दौड़ते वाहनों की ओर ध्यान आकर्षित कराया। ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हाइवे पर चलने वाले तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर भीड़भाड़ बढ़ जाती है, ऐसे में इन लापरवाह और तेज रफ्तार वाहन चालकों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही हाइवे के मुख्य कट और संवेदनशील स्थानों पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) और साइन बोर्ड लगाने की मांग भी उठाई गई। नवागत थाना प्रभारी श्यामराज सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही हाइवे पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​थाना प्रभारी ने आगामी मोहर्रम के त्योहार को लेकर सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28