​अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

​भोपाल-विदिशा हाईवे-18 क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा और आराम के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय (बस स्टॉप) अब अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। रायसेन जिले के सलामतपुर और दीवानगंज क्षेत्र में बने ये यात्री प्रतीक्षालय वर्तमान में असामाजिक तत्वों के अड्डे और कचरे के ढेर में तब्दील हो चुके हैं। जिस जगह को यात्रियों को धूप, बारिश और ठंड से राहत देने के लिए तैयार किया गया था, वहां फैली अत्यधिक गंदगी और डर के माहौल के कारण अब आम नागरिक कदम रखने से भी कतरा रहे हैं।

महिला यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे--क्षेत्र के प्रमुख स्थानों जैसे सलामतपुर बस स्टैंड, दीवानगंज फैक्ट्री चौराहा, हायर सेकेंडरी स्कूल के पास और सेमरा रोड पर बने यात्री प्रतीक्षालयों की हालत बेहद दयनीय है। इन जगहों पर चारों तरफ शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल और कचरे के अंबार लगे हुए हैं। शाम ढलते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है, जिससे होकर गुजरने वाली महिला यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों के मन में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। बैठने योग्य स्थान न होने और डर के कारण यात्रियों को मजबूरन कड़कती धूप में सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से इन प्रतीक्षालयों की नियमित सफाई कराने और पुलिस गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की पुरजोर मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इन यात्री प्रतीक्षालयों की सुध नहीं ली गई और इन्हें सुरक्षित नहीं बनाया गया, तो यह स्थिति आम जनता के लिए और भी भयावह रूप ले सकती है।

इनका कहना है।

​"हाईवे-18 पर स्थित यात्री प्रतीक्षालयों में गंदगी के भारी अंबार लगे हुए हैं। इनकी लंबे समय से कोई साफ-सफाई नहीं कराई गई है। गंदगी और सड़न की वजह से आसपास के क्षेत्रों में गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।"

​रघुवीर सिंह मीणा, सरपंच रातातलाई।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28