अदनान खान रायसेन। IND28.COM

-कलेक्टर ने निगरानी और साप्ताहिक समीक्षा के अधिकारियों को दिए निर्देश

खाद्य  आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार दाल मिलर, व्यापारियों और आयातकों द्वारा दालों के स्टॉक की घोषणा के संबध में कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा सभी एसडीएम, उप संचालक कृषि, सचिव कृषि उपज मण्डी, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिले के दाल मिलर, व्यापारियों एवं आयातकों द्वारा दालों के नियमित स्टॉक की ऑनलाईन घोषणा भारत सरकार की वेबसाईट https://fcainfowed.nic.in/psp  पर की जा रही है, इसकी निगरानी एवं समीक्षा हेतु साप्ताहिक आधार पर बैठक कर समीक्षा किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री दुबे ने निर्देश दिए हैं कि जिले के दाल व्यवसायियों आयातक, मिलर, व्यापारियों द्वारा भारत सरकार की वेबसाईट पर ऑनलाईन दर्ज स्टॉक की जानकारी संदेहास्पद होने पर संबंधित व्यवसायियों के दाल उत्पादन, आपूर्ति एवं वितरण के स्टॉक लेखा और अभिलेखों का निरीक्षण किया जाए। अनुभाग एवं तहसील स्तर पर समीक्षा बैठक एसडीएम/तहसीलदार के निर्देशन में आयोजित की जाएगीं तथा जिला मुख्यालय पर बैठक सचिव कृषि उपज मण्डी रायसेन के माध्यम से जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देशन में की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के उद्देश्य अनुरूप आवश्यक वस्तुओं की आमजनों को उपलब्धता सुनिश्चित कराने वर्तमान में दालों के भाव में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक वस्तुओं के उत्पादन, आपूर्ति एवं वितरण में सम्मिलित व्यापारियों के स्टॉक लेखा एवं अन्य अभिलेखों की जानकारी प्रदत्त किए जाने हेतु विस्तृत निर्देश प्रसारित किए गए हैं। जिनके तहत दालों के संग्रहणकर्ता जैसे मिलर, आयातक, व्यापारियों आदि को स्टॉक आदि की जानकारी की घोषणा भारत सरकार द्वारा तैयार पोर्टल पर अपना पंजीयन कर जानकारी दर्ज कर सुरक्षित किए जाने के लिए पोर्टल पर https://fcainfowed.nic.in/psp  लिंक दी गई है।

न्यूज़ सोर्स : IND28.COM