सतीश मैथिल सांचेत रायसेन। IND28.COM

सुख-समृद्धि और धन-सपंत्ति की कामना के साथ दशा माता की पूजन, पीपल की हुई पूजा सांचेत समेत पूरे देश में सुख-समृद्धि और धन-संपत्ति की कामना को लेकर दशा माता पूजन हुआ। पीपल वृक्ष का पूजन कर कच्चे सूत का डोरा चढ़ाया गया। होलिका दहन के दसवें दिन व्रत-पूजन कर महिलाओं ने सुख-समृद्धि और पारिवारिक दशा सुधारने की कामना के साथ दशा माता का पूजन किया। माता पार्वती की स्वरूप दशा माता का यह पूजन चैत्र कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि पर शुक्रवार को किया गया। शुक्रवार सुबह सोलह शृंगार कर सुहागिन महिलाएं सुबह से उन मंदिरों में पहुंची, जहां पीपल का पेड़ है। यहां उन्होंने सामूहिक रूप से राजा नल और रानी दमियंती की कथा भी सुनी

पं. अरुण शास्त्री ने बताया कि पूजन के दौरान आज महिलाओं ने दशा माता को विशेष रूप से बनाए गए बेसन के गहने भी अर्पित किए। व्रतधारी महिलाओ ने सुबह पूजा का संकल्प लेकर पीपल को भगवान विष्णु का स्वरूप मानकर पूजन किया। कच्चे सूत का 10 तार का डोरा बनाकर उसमें 10 गांठ लगाई। फिर पीपल के पेड़ के चारों ओर दस बार घूमकर वृक्ष के तने पर पवित्र सूती धागे को बांधा।

राजा नल और रानी दमयंती की कहानी भी सुनी---

व्रतधारी महिलाओं ने पूजन-अर्चन के बाद राजा नल और उनकी रानी दमयंती की कथा भी सुनी। इस दिन व्रत रखकर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। एक बार व्रत करने के बाद उसे जीवनभर जारी रखना चाहिए। पूजा के बाद घर के मुख्य द्वार के दोनों ओर हल्दी और कुमकुम से रेखाचित्र बनाए गए। महिलाओं ने अपने घर को बुराई और नकारात्मकता से बचाने के लिए देवी-देवताओं से प्रार्थना की।


न्यूज़ सोर्स : IND28.COM