-108 एम्बुलेंस से घायलों को भेजा सिविल अस्पताल

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र(

जिले के सलामतपुर अंतर्गत मेढकी चौराहे पर शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो युवक, एक युवती और एक बुजुर्ग शामिल हैं। सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कल्याण सिंह अपनी बाइक से  रॉन्ग साइड से तेज गति में आ रहा था, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक और एक युवती सवार थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में हेमंत, सविता, नंदकिशोर और बुजुर्ग कल्याण सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना में बाइकों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सांची सिविल अस्पताल भेजा गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण वे बोलने की स्थिति में नहीं हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

तेज़ रफ़्तार के चलते हो रहे हैं हादसे, यातायात विभाग नही करता कार्रवाई---भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 और नेशनल हाइवे 146 पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में बसें और अन्य छोटे बड़े वाहन नियम विरुद्ध दौड़ रही हैं। जिनका आरटीओ द्वारा कभी भी फिटनेस या परमिट चेक नहीं किया जाता है। इन यात्री बसों के संचालकों द्वारा यात्रियों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि रायसेन आरटीओ प्रतिदिन सलामतपुर, दीवानगंज, त्रिमूर्ति चौराहा, सांची आदि जगहों पर चेकिंग कर रहे हैं। लेकिन उनको ये तेज़ रफ़्तार वाहन, लंबी दूरी की बसें और भोपाल विदिशा जाने वाली यात्री बसें नज़र नही आ रही हैं। जिसकी वजह से यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने कहा है कि अगर शीघ्र ही ऐसी बसों पर कार्रवाई नही की गई तो इस तरह की गंभीर दुर्घटनाएं होती रहेंगी।स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से भी मांग की है कि इन बसों पर नियंत्रण किया जाए। अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28