-सलामतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर थाने के सामने 3 लुटेरों को किया गिरफ्तार

-लुटेरों से लूटी गई रकम मोबाइल सहित छुरी बरामद

-तीनों ही लुटेरे भोपाल के छोला क्षेत्र के रहने वाले

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

नेशनल हाइवे 146 पर गुरुवार देर रात पैदल घर जा रहे पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मोटरसाइकिल से आए तीन बदमाशों ने गले पर छुरी रखकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे पंप कर्मचारी से 25800 रुपए नगद और सैमसंग कंपनी का मोबाइल लूट कर ले गए।  फरियादी रविकांत शाक्य ने अपने दोस्त रिंकू कुशवाह के साथ कार से लुटेरों का पीछा भी किया लेकिन लुटेरे तेज़ी से भोपाल की और भाग गए। वारदात की जानकारी मिलते ही सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने प्रधान आरक्षक नितिन जमालिया, आरक्षक रंजीत धाकड़, राहुल रघुवंशी, रोहित गोस्वामी और रविन्द्र रघुवंशी के साथ थाने के सामने बेरिकेटिंग कर दी। थोड़ी ही देर में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमपी04 क्यूएस 4620 आती दिखी। पुलिस बल ने मोटरसाइकिल रोकने का इशारा किया लेकिन मोटरसाइकिल चालक ने रुकने की जगह भागने का प्रयास किया तो पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इनकी पहचान निखिल बंसल पिता मुन्ना बंसल , मुन्नू योगी पिता राजेश योगी और रवि कुशवाहा पिता काशीराम कुशवाहा तीनों निवासी छोला भोपाल के रूप में हुई। आरोपियों के पास से लूटी हुई रकम 25800 रुपये, सैमसंग कंपनी का मोबाइल और एक छुरी बरामद की है। चूंकि मामला सांची थाना क्षेत्र का है इसलिए पुलिस ने तीनों आरोपियों पर धारा 309(4) बीएनएस की कार्रवाई कर मामले को विवेचना में लिया है।

पेट्रोल भरवाने को मांगे 50 रुपये, नही दिए तो गले पर छुरी रखकर की लूट--गुरुवार की रात लगभग सवा ग्यारह बजे आमखेड़ा सोनकर सेल्स इंडियन पेट्रोल टैंक कर्मचारी रविकांत शाक्य टैंक बंद कर के पैदल ही अपने घर काछी कानाखेड़ा जा रहा था। तभी विदिशा की और से तीन युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमपी04 क्यूएस 4620 से आगे निकल गए थे। कर्मचारी को अकेला देखकर मोटरसाइकिल वापस मोड़कर लाए और 50 रुपये पेट्रोल भरवाने के लिए मांगने लगे। रविकांत ने रुपये देने से मना किया तो तीनों युवकों ने रविकांत को पकड़ लिया और छुरी गले पर रखकर जेब से 25800 रुपए नगद और सैमसंग कम्पनी का मोबाइल लूटकर भोपाल की और भाग गए। रविकांत ने काफी चिल्ला चोट की और अपने दोस्त रिंकू को बुलाया और लुटेरों का पीछा भी किया लेकिन पकड़ने ने सफल नही हो पाए।

इनका कहना है।

गुरुवार रात्रि आमखेड़ा पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ लूट कर भागे 3 बदमाशों को थाने के सामने घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। चूंकि मामला सांची थाना क्षेत्र का था तो तीनों आरोपियों को सांची पुलिस के हवाले कर दिया है।आगे की जांच सांची पुलिस करेगी।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28