-पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर  मोबाइल फोन और नगदी की बरामद

अदनान खान सांची रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

 4 मार्च को फरियादी अमित कोरी निवासी हिरणखेड़ा राहतगढ़ ने थाना सांची में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मार्च की रात करीब 11:30 बजे मेहगांव बायपास के पास भोपाल की रिलायंस कंपनी की फ्रोजन पिकअप में रखा उनका काला बैग चोरी हो गया। बैग में तीन मोबाइल फोन (दो ओप्पो और एक पोको कंपनी का), लस्सी के पैकेट और करीब 4 हजार रुपये नगद थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 19 हजार रुपये बताई गई थी। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे तथा एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन और 500 रुपये नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लखन जादौन (23), भावेश उर्फ भोला (20), रोहित राजपूत (18), रोशन बैरागी (20), अरुण अहिरवार (21), रोहित बैरागी सहित एक बाल अपचारी शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल रायसेन भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के गणेश राम रघुवंशी, सुनील लोधी, दिलीप रघुवंशी, सुरेश गोहे और सौरभ रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28