अदनान खान रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

मानवता को शर्मसार करने वाला मामला जिले के ग्राम अगरिया मारखो से सामने आया है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग बिहारी बंजारे के साथ 10-12 लोगों ने बेरहमी से मारपीट की और अमानवीय कृत्य करते हुए बोतल में भरकर पेशाब पिलाया। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग के बेटे ने विदिशा जिले के शमशाबाद की एक युवती से भागकर शादी कर ली थी। इसी बात से नाराज लड़की के परिजन सुबह करीब 4 बजे बुजुर्ग के घर पहुंचे, जहां उन्होंने पति-पत्नी के साथ मारपीट की और बुजुर्ग को जबरन अपने साथ राजगढ़ के ब्यावरा ले गए। वहां भी आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर उसे घर के बाहर फेंक दिया। पीड़ित परिवार ने सेण्डोरा चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए राजगढ़ पुलिस से समन्वय किया। इस बीच दो आरोपियों को सलामतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

शराब की बोतल में पेशाब भरकर पिलाया--वीडियो में दिख रहा है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने शराब की बोतल में पेशाब भरकर बुजुर्ग को जबरन पिलाया। विरोध करने पर उनके साथ और मारपीट की गई। इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। पीड़ित ने बताया कि वारदात के वक्त 12 आरोपी थे। इनमें वीडियो बनाने वाले और मारपीट करने वाले दो मुख्य आरोपी थे। दोनों ने ही मारपीट की।

2 आरोपियों को हिरासत में लिया गया-- रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि पीड़ित के घर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई। पीड़ित को साथ ले जाकर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। 2 आरोपियों को सलामतपुर से गिरफ्तार कर राजगढ़ पुलिस को सौंपा गया है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

लड़की भगाकर ले जाने वाला युवक भी अरेस्ट--रायसेन एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि लड़की पक्ष की शिकायत पर आरोपी लड़के को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28