-मौके पर कॉल करने के बाद भी नही पहुंची फायर ब्रिगेड, ग्रामीणों ने बुझाई आग

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

खेत में गेंहू की फसल काट रहे हार्वेस्टर से निकली एक चिंगारी ने पड़ोसी किसान की गेंहू फसल जलाकर राख कर दी। मौके पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने आग पर काबू तो पा लिया लेकिन जब तक 8 एकड़ गेंहू फसल जल गई। जिससे किसान का लगभग तीन से चार लाख रुपए का नुकसान हो गया। भंवरखेड़ी गांव में सांची नायब तहसीलदार ललित सक्सेना ने अमले के साथ पहुंचकर पंचनामा बनाया है। वहीं पीड़ित किसान शैतान सिंह धाकड़ और पर्वत सिंह किरार सोमवार को सलामतपुर थाने पहुंचे और हार्वेस्टर एमपी20 डीए 2845 के चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कराने को लेकर शिकायत दर्ज कराई हैं। पुलिस ने हार्वेस्टर ज़ब्त कर मामला जांच में लिया है।

हार्वेस्टर चलते समय पत्थर से टकराया तो निकली चिंगारी--भंवरखेड़ी गांव में शैतान सिंह धाकड़ और पर्वत सिंह किरार के पड़ोसी खेत में गेंहू की फसल कट रही थी। तभी हार्वेस्टर किसी पत्थर से टकराया और उससे निकली चिंगारी ने तबाही मचा दी। और 8 एकड़ खेत में गेंहू की खड़ी फसल जलाकर राख बना दी। मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंची ही नही। स्थानीय ग्रामीणों ने काफी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया। पर गेंहू की फसल बचा नही पाए। घटना के बाद हार्वेस्टर चालक और उसका एजेंट मौके से फरार हो गए थे।

क्षेत्र में आए दिन होती हैं आगजनी की घटनाएं, फायर ब्रिगेड की कमी के चलते समय से नही हो पाता आग पर काबू ---कस्बे सहित आसपास क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नही होने के चलते आगजनी की घटनाओं में समय रहते मदद नही मिल पाती है। जिसकी वजह से किसानों सहित ग्रामीणों का बड़ा नुकसान हो जाता है। सलामतपुर कस्बे, बेरखेड़ी चौराहा, दीवानगंज सहित आसपास क्षेत्र में कहीं भी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नही है। जबकि सर्दी और गर्मी के दिनों ने आए दिन आगजनी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। आगजनी की घटना होने पर आठ किलोमीटर दूर सांची या बीस किलोमीटर रायसेन से फायर ब्रिगेड बुलाई जाती है। लेकिन उनके आने में काफी समय लगता है। जिसकी वजह से समय रहते आग पर काबू नही पा सकते। और बड़ा नुकसान हो जाता है। कुछ समय पूर्व भी कस्बे में गेंहू की खड़ी फसल में हुई आगजनी की घटना में भी सांची से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। वहीं एक मकान में भी आगजनी की घटना में समय से फायर ब्रिगेड नही पहुंच पाई थी। जिसकी वजह से पीड़ित का काफी नुकसान हो गया था। लोगों की मांग है कि शीघ्र ही क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए ताकि समय रहते आगजनी की घटनाओं में मदद मिल सके। 

इनका कहना है।

भंवरखेड़ी गांव में हुई आगजनी की घटना के बाद पीड़ित किसानों ने थाने में शिकायत दी है। हार्वेस्टर ज़ब्त कर मामले को जांच में लिया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

हमारी 8 एकड़ गेंहू की खड़ी फसल हार्वेस्टर की चिंगारी से फैली आग में जलकर राख बन गई। लगभग 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हार्वेस्टर ड्रायवर के विरूद्ध थाने में शिकायत की है। और हमें शासन प्रशासन शीघ्र ही मुआवजा दे।

शैतान सिंह धाकड़, पीड़ित किसान।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28