अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गीदगढ़ के पास ट्रेन की चपेट में आने से मृत हुए अज्ञात व्यक्ति की पुलिस ने पहचान कर ली है। मृतक की पहचान कल्लू उर्फ हरि सिंह आदिवासी (40) पिता भजन सिंह आदिवासी, निवासी ग्राम गडला थाना करारिया जिला विदिशा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक गीदगढ़ के पास प्रेमपुरा स्थित एक ईंट भट्टे पर कार्यरत था। शनिवार को वह अपने गांव गडला जाने के लिए निकला था, इसी दौरान रेलवे पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को एक दिन बाद रविवार शाम करीब 4 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सांची अस्पताल के मर्चुरी रूम में रखवाया गया। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।इस पूरे घटनाक्रम में गीदगढ़ निवासी प्रताप शर्मा ने पुलिस की सराहनीय मदद की। उन्होंने न केवल शव उठाने में सहयोग किया, बल्कि पोस्टमार्टम तक पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई। जहां आमतौर पर लोग ऐसे मामलों में दूरी बनाए रखते हैं, वहीं प्रताप शर्मा ने मानवता का परिचय देते हुए स्वयं शव को उठाकर वाहन में रखवाया।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28