अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुनिया के कायमपुर गांव में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे घरों के पीछे स्थित जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। चूंकि जंगल के पास ही मकान बने हुए हैं, इसलिए ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल सांची फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन वहां से फायर ब्रिगेड उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद रायसेन से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की संयुक्त मेहनत से आग पर काबू पाया जा सका। सरपंच प्रतिनिधि राकेश आदिवासी ने बताया कि सलामतपुर, दीवानगंज सहित आसपास क्षेत्र में कहीं भी फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था नहीं है। सांची या रायसेन से दमकल बुलानी पड़ती है, जिसमें एक से डेढ़ घंटे का समय लग जाता है। इस दौरान आग से बड़ा नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए दीवानगंज पुलिस चौकी या सलामतपुर थाने में फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। गौरतलब है कि गर्मी की शुरुआत के साथ ही जिले में आगजनी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता और संसाधनों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।

क्षेत्र में आए दिन होती हैं आगजनी की घटनाएं, फायर ब्रिगेड की कमी के चलते समय से नही हो पाता आग पर काबू ---कस्बे सहित आसपास क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नही होने के चलते आगजनी की घटनाओं में समय रहते मदद नही मिल पाती है। जिसकी वजह से किसानों सहित ग्रामीणों का बड़ा नुकसान हो जाता है। सलामतपुर कस्बे, बेरखेड़ी चौराहा, दीवानगंज सहित आसपास क्षेत्र में कहीं भी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नही है। जबकि सर्दी और गर्मी के दिनों ने आए दिन आगजनी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। आगजनी की घटना होने पर आठ किलोमीटर दूर सांची या बीस किलोमीटर रायसेन से फायर ब्रिगेड बुलाई जाती है। लेकिन उनके आने में काफी समय लगता है। जिसकी वजह से समय रहते आग पर काबू नही पा सकते। और बड़ा नुकसान हो जाता है। कुछ समय पूर्व भी कस्बे में गेंहू की खड़ी फसल में हुई आगजनी की घटना में भी सांची से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। वहीं एक मकान में भी आगजनी की घटना में समय से फायर ब्रिगेड नही पहुंच पाई थी। जिसकी वजह से पीड़ित का काफी नुकसान हो गया था। लोगों की मांग है कि शीघ्र ही क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए ताकि समय रहते आगजनी की घटनाओं में मदद मिल सके। 

सपेरों की झोपड़ीयों में लगी थी आग, तीन झोपड़ियां जलकर खाक, घटनास्थल तक नही पहुंच पाई थी फायर ब्रिगेड--थाना क्षेत्र में कुछ समय पूर्व इंदिरा आवास कॉलोनी स्थित पहाड़ के किनारे दोपहर के समय आग लग गई थी। जिससे पास में बनी सपेरों की झोपड़ियां जलकर खाक हो गई थीं। आग लगने से झोपड़ियों में रखा खाने-पीने और पहनने उड़ने का सामान जलकर राख हो गया। बता दें कि सूचना लगने पर साँची फायर बिग्रेड की गाड़ी आ तो गई थी मगर ऊंचाई ज्यादा होने के कारण गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई। जिस वजह से आग पर काबू नही पाया जा सका। और झोपड़ियां जलकर खाक हो गई। ये तो गनीमत रही कि जिस समय आगजनी की घटना हुई तब घर पर कोई नहीं था। सभी मज़दूर मजदूरी करने गए थे। आग लगने से सिद्दू सपेरा, विनोद सपेरा, संतोष बाल्मीकि की झोपड़ी पूरी तरह जल गई। घटनास्थल पर सिर्फ राख ही राख दिखाई दे रही थी।

शांति समिति की बैठक में भी फायर ब्रिगेड की कमी का उठ चुका है मुद्दा--- थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक में सुनारी सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह राजपूत और बबलू पठान ने क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने को लेकर सुझाव दिया था। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। हादसों के समय फायर ब्रिगेड सांची या रायसेन से सलामतपुर आती है। जिसमें काफी समय लग जाता है। देरी की वजह से किसानों का भारी नुकसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व भी कस्बे में हुई आगजनी की घटना में किसान की गेंहू की खड़ी फसल में आग लग गई थी। वो तो स्थानीय रहवासियों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था। वरना फायर ब्रिगेड तो आग बुझने के बाद मौके पर पहुंच सकी थी।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28