-अभियान में शासन के 15 से अधिक विभागों के साथ ही जनप्रतिनिधियों और आमजन की भी सहभागिता होगी

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों की सुरक्षा और बारिश के पानी को सहेजने के उद्देश्य से प्रदेश के साथ ही रायसेन जिले में भी 19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है तथा यह अभियान 30 जून तक संचालित किया जाएगा। जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम सांची जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सुनारी में 19 मार्च को सुबह 11.30 बजे से आयोजित किया गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग और जन-जन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस अभियान में शासन के 15 से अधिक विभागों के साथ ही जनप्रतिनिधियों और आमजन की भी सहभागिता होगी। अभियान के तहत रायसेन जिले में भी मुख्यतः जन-जागरूकता अभियान, नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण, भू-जल संर्वधन, पहले से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई, मरम्मत, जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई, राजस्व रिकार्ड में जल संग्रहण संरचनाओं को अंकित करने का कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा। जिले में बनाये गये जलदूतों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता अभियान में की जायेगी। जिला गंगा संवर्धन अभियान के तहत 19 मार्च को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण कार्य का शुभारंभ करते हुए, अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला एवं खण्ड स्तरीय समितियों का गठन किया गया है। विभागों के द्वारा शासन से प्राप्त दिशा निर्देशानुसार जल संरक्षण के कार्य प्रारंभ कर निर्धारित अवधि में पूर्ण कराए जाएंगे। अभियान में समाज के जुडाव के लिये जन समुदाय को इसके उद्देश्यों, किये जाने वाले कार्यों तथा प्राप्त होने वाले परिणाम से परिचित कराने हेतु सतत् संवाद किया जाएगा।

 

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28