अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत सलामतपुर थाने के सरार गांव में सोमवार रात करीब 9 बजे गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से रिसाव होने के कारण एक कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय घर में मौजूद लीलाकृष्ण मीना खाना बना रहे थे, तभी गैस लीक होने से आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी। लीलाकृष्ण ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

इसी दौरान गांव के युवक सुरेंद्र मालवीय ने बहादुरी दिखाते हुए जलते हुए घर में घुसकर गैस सिलेंडर को बाहर फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। हालांकि इस घटना में घर का सारा सामान कपड़े, बिस्तर, कूलर, पलंग सहित छप्पर जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं होने के कारण ऐसे हादसों में नुकसान बढ़ जाता है। फायर ब्रिगेड सांची या रायसेन से आने में देर लगती है। ग्रामीणों ने सलामतपुर, बेरखेड़ी चौराहा इस दीवानगंज में स्थायी फायर ब्रिगेड की मांग की है। वहीं पीड़ित युवक ने शासन प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28