भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 बरजोरपुर जोड़ के पास बाइक की आमने-सामने टक्कर, 2 युवक घायल
-आए दिन हो रहे हादसों को रोकने के लिए हाइवे 18 को 4 लेन करने की मांग
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर बरजोरपुर जोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सांची सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक ग्राम प्रेमपुरा का निवासी है जबकि दूसरा भरतीपुर गांव से है।फिलहाल पुलिस थाने में दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
स्थानीय रहवासियों की मांग हाइवे 18 शीघ्र हो 4 लेन, तब आएगी हादसों में कमी--भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लाइन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लाइन करने की मांग की है।
इनका कहना है।
थाना क्षेत्र के बरजोरपुर जोड़ के पास बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने की जानकारी मिली है। लेकिन अभी तक दोनों पक्षों की और से कोई भी आवेदन थाने में कार्रवाई के लिए नही आया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
हाइवे 18 को 4 लेन करने से हादसों में कमी आ सकती है। सड़क छोटी होने की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय रहवासी काफी समय से शासन प्रशासन से हाइवे 18 को शीघ्र 4 लेंन करने की मांग कर रहे हैं।
हमजा जाफरी, पूर्व उपसरपंच सुनारी सलामतपुर।
