अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

कोरोना काल ने पूरी दुनिया को ऑक्सीजन के महत्व का गहराई से अहसास कराया। इसी संकट के समय में सांची विकासखंड के मुश्काबाद गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सफीना ने पर्यावरण संरक्षण की ओर एक विशेष कदम उठाया, जो आज प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। पोषण वाटिका के तहत उन्होंने सबसे पहले अपने घर के आसपास से शुरुआत की। सफीना का मानना है कि पेड़ ही जीवन हैं, और जब कोरोना के दौरान लोगों को ऑक्सीजन की भारी कमी का सामना करना पड़ा, तभी उन्होंने ठान लिया कि अब हर संभव प्रयास कर पेड़ लगाए जाएं और उनकी देखभाल की जाए। जब भी उनके घर में आम या अन्य फल आते हैं, तो वो उनके बीजों को फेंकने की बजाय अपने घर के पास की खाली जमीन में रोप देती हैं। आज उन गुठलियों से कई नन्हे पौधे तैयार हो चुके हैं, जिनकी देखभाल वह प्रतिदिन करती हैं। सफीना स्वयं उन पौधों को पानी देती हैं, उन्हें सुरक्षित रखने के लिए उपाय करती हैं और साथ ही आसपास के लोगों को भी पेड़ लगाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।उनका यह छोटा सा प्रयास आज हरियाली की दिशा में बड़ा कदम बन चुका है।आंगनबाड़ी केंद्र के अपने कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति उनकी यह जागरूकता काबिल-ए-तारीफ है। सफीना का कहना है कि अगर हर व्यक्ति अपने आसपास एक भी पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार कर सकते हैं।" उनकी यह पहल न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाती है कि एक आम नागरिक भी असाधारण बदलाव ला सकता है।

पर्यावरण में पौधों का बहुत महत्व है:सफीना

पौधे न केवल हमें सांस लेने के लिए ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि वे मिट्टी को भी सुरक्षित रखते हैं, जल चक्र को बनाए रखते हैं और विभिन्न जीवों के लिए आवास प्रदान करते हैं।पौधे प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया के माध्यम से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं और ऑक्सीजन छोड़ते हैं, जो मनुष्यों और अन्य जानवरों के लिए आवश्यक है।पौधों की जड़ें मिट्टी को पकड़कर रखती हैं, जिससे मिट्टी का कटाव कम होता है और भूस्खलन की संभावना कम हो जाती है। वहीं पौधे जल चक्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि वे जल को अवशोषित करते हैं और वाष्पीकरण और संघनन की प्रक्रियाओं में भाग लेते हैं। पौधे विभिन्न जीवों के लिए आवास प्रदान करते हैं, जैसे कि पक्षी, जानवर और कीट।पौधे मनुष्यों और जानवरों के लिए भोजन का स्रोत भी हैं।और पौधे जलवायु को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं,जो एक ग्रीनहाउस गैस है और जलवायु परिवर्तन में योगदान करती है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28