-घटना के समय मौके पर काफी संख्या में महिलाएं थी मौजूद, तैरना नही जानने के कारण डूबती हुई बच्चियों को समय से नही मिली मदद

-सलामतपुर थाने के दहीड़ा गांव का मामला, मौके पर रायसेन एसडीएम सांची नायब तहसीलदार सहित पहुंचा प्रशासनिक अमला

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। एडिटर इन चीफ IND28.COM

थाना अंतर्गत मंगलवार दोपहर एक से डेढ़ बजे के लगभग दहीड़ा गांव में ऋषिपंचमी के मौके पर नवीन तालाब में नहाने समय गहरे पानी में दो बच्चियां डूब गईं। जिससे एक की मौत और दूसरी को भोपाल रेफर किया गया है। जानकारी मिलते ही सलामतपुर पुलिस, रायसेन से एसडीएम व सांची से नायब तहसीलदार नियति साहू मौके पर पहुंच गईं। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मंगलवार को दहीड़ा गांव के तालाब पर ऋषिपंचमी के मौके पर गांव की काफी महिलाएं नहाने पहुंची थी। इनमें संजना उर्फ नैना ठाकुर पिता सुनील ठाकुर उम्र 13 वर्ष अपनी मां बबली बाई के साथ नहाने पहुंची थी। वहीं गांव की ही सलोनी ठाकुर पिता राजू ठाकुर उम्र 14 वर्ष भी तालाब में नहा रही थी। दोनों नहाते समय अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगी किनारे पर मौजूद महिलाओं ने चिल्ला चोट करी और जल्दी गांव जाकर पुरुषों को बुलाया। ग्रामीणों ने सलोनी को तो समय रहते बाहर निकाल लिया लेकिन संजना का शव एक घंटे की मशक्कत के बाद मिल सका। सलोनी को भोपाल के अस्पताल रेफर किया गया है। जो अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं संजना को सांची स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घर की इकलौती लड़की थी संजना---दहीड़ा गांव के किसान सुनील ठाकुर की एक पुत्री की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। वहीं अब संजना घर में इकलौती पुत्री थी। वह खोहा स्कूल में आठवी कक्षा की छात्रा थी। ऋषिपंचमी के मौके पर अपनी मां बबली बाई के साथ तालाब पर नहाने गई थी और मां के सामने ही गहरे पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही घर में मातम का माहौल छाया हुआ है। मां बबली बाई और पिता सुनील का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के समय तालाब किनारे पर काफी संख्या में मौजूद थी महिलाएं---घटना के दिन त्यौहार होने के कारण गांव की बहुत सी महिलाएं तालाब पर नहाने पहुंची थी। कुछ महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी गए हुए थे। जब संजना और सलोनी नहाते समय गहरे पानी में डूबने लगी तो कोई भी महिला तैरना नही जानने के कारण समय रहते डूबती हुई बच्ची को बचा नही सकीं। लेकिन ग्रामीणों ने सलोनी को समय रहते बचा लिया। वहीं संजना का शव ढूढ़ने में तो लगभग एक घण्टे का समय लग गया। 

19 लाख की लागत से तैयार हो रहा है दहीड़ा गांव का तालाब---सांची जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली सरार पंचायत के दहीड़ा गांव में अमृत सरोवर योजना से 19 लाख की लागत का नवीन तालाब बनाया जा रहा है। जिसकी गहराई लगभग 15 फिट है। इस तालाब के वेस्ट वियर का काम अभी बाकी है। इसके पानी से क्षेत्र के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

इनका कहना है।

संजना अपनी मां बबली बाई के साथ गांव के नवीन तालाब गई थी। हम खेत पर फसलों को पानी दे रहे थे। मुझे संजना और गांव की ही सलोनी के डूबने की जानकारी मिली तब तक काफी देर हो गई थी। हम संजना को बचा नही सके।

विक्रम सिंह ठाकुर, मृतिका के छोटे चाचा।

तालाब में डूबने से संजना की मौत हो गई है। पंचनामा प्रतिवेदन बनाकर शासन के नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।

नियति साहू, नायब तहसीलदार सांची।

दहीड़ा गांव में अमृत सरोवर योजना अंतर्गत 19 लाख की लागत से नवीन तालाब बनाया जा रहा है। जिसके वेस्ट वियर का काम अभी बाकी है। तालाब में डूबकर संजना की मौत हो गई है। वहीं परिजनों को हर संभव मदद की जाएगी।

नरेश चौधरी, सरपंच ग्रा.पं. सरार।

दहीड़ा गांव के तालाब में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से 13 वर्षीय संजना ठाकुर की मौत हो गई। सांची स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं मर्ग का मामला कायमकर जांच में लिया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28.COM