-सलामतपुर थाना क्षेत्र के हलाली डेम जंगल के पास की घटना, मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी

-सलामतपुर पुलिस ने मर्ग का मामला कायम कर लिया जांच में

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

शनिवार दोपहर 4 बजे के लगभग सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हलाली डेम के पास जंगल में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग और उसके बीस बकरा बकरियों सहित एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही सलामतपुर पुलिस थाने का अमला और खोहा पंचायत के सरपंच कालूराम मीणा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से बुजुर्ग का शव पीएम के लिए सांची सिविल अस्पताल में भेज कर मर्ग का मामला कायम किया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शनिवार दोपहर के समय खोहा गांव से तुलसीराम मालवीय पिता इमरतलाल मालवीय उम्र 69 वर्ष हलाली डेम के पास जंगल में अपने बकरा बकरी चराने के लिए निकले थे। इस दौरान उनका पालतू कुत्ता भी उनके साथ था। दोपहर के समय तेज़ बारिश शुरू होने के बाद तुलसीराम मालवीय जंगल में पेड़ के नीचे पानी से बचने के लिए बैठ गए। तभी आकाशीय बिजली उसी पेड़ पर गिरने से नीचे बैठे तुलसीराम और उनके बकरा बकरियो के साथ ही पालतू कुत्ता भी चपेट में आ गए। और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वहीं मृतक के बेटे और बहू को जैसे ही घटना की जानकारी मिली कि उनके पिता की बिजली गिरने से मौत हो गई तो उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पानी से बचने बैठे थे नीम के पेड़ के नीचे, उसी पेड़ पर गिरी बिजली--सांची जनपद के खोहा गांव में रहने वाले तुलसीराम मालवीय के परिवार में एक बेटा संतोष और बहू ही है। वह रोज़ की तरह ही शनिवार को भी बकरा  बकरियों को चराने के लिए गांव से निकले थे। उस दौरान उनका पालतू कुत्ता भी उनके साथ ही था। बकरियों को चराते-चराते तुलसीराम हलाली डेम के जंगल में पहुंच गए। उसी समय मौसम अचानक बदला और तेज़ बारिश होने लगी। बारिश के पानी से बचने के लिए तुलसीराम नीम के पेड़ के नीचे बीस बकरे बकरियों और पालतू कुत्ते के साथ बैठ गए। तभी तेज़ आकाशीय बिजली चमकी और पेड़ पर ही गिर गई। जिसकी चपेट में आने से तुलसीराम मालवीय और उनके बीस बकरा बकरियों सहित कुत्ते की मौत हो गई। बकरा बकरियों की मौत हो जाने से लगभग डेढ़ लाख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है।

इनका कहना है 

आकाशीय बिजली गिरने से 1 बुजुर्ग और उसके 20 बकरा बकरियों के साथ ही पालतू कुत्ते की मौत हो गई। घटना हलाली डेम के जंगल मे हुई है। मर्ग का मामला कायम कर बुजुर्ग का शव पीएम के लिए सांची सिविल अस्पताल भेजा गया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

खोहा गांव में रहने वाले तुलसीराम मालवीय और उनके 20 बकरा बकरियों सहित 1 कुत्ते की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई है। मृतक के परिवार को शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा शीघ्र ही दिलाया जाएगा।

कालूराम मीणा, सरपंच ग्राम पंचायत खोहा।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28