सलामतपुर थाना प्रभारी टीम के साथ कीचड़ भरे रास्तों से पैदल पहुंचे मुनारा केमखेड़ी, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
बरसात के मौसम में दुर्गम रास्तों और कीचड़ भरी पगडंडियों से होते हुए सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार रघुवंशी अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र के दूरदराज जंगल क्षेत्र के गांव मुनारा केम खेड़ी पहुंचे। ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनी और कानूनी विषयों पर आवश्यक जानकारियां भी प्रदान कीं। थाना प्रभारी रघुवंशी ने बताया कि यह क्षेत्र प्राकृतिक रूप से कटे हुए इलाकों में आता है, जहां बीच-बीच में नाले पड़ने से आवागमन बरसात के समय बेहद कठिन हो जाता है। ऐसे हालात में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर थाना तक नहीं पहुंच पाते, इसलिए पुलिस टीम खुद उनके बीच पहुंची। इस अवसर पर चौकी प्रभारी दीवानगंज सुनील शर्मा, हेड कांस्टेबल दिनेश राजपूत, हेड कांस्टेबल गौतम और आरक्षक संदीप रघुवंशी भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनके बीच पहुंचकर समस्याएं सुनना पुलिस-प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
