अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले के सलामतपुर थाने के दीवानगंज स्थित नीरा वेयरहाउस में गेहूं की तुलाई समय पर न होने से नाराज किसानों ने चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि वह सुबह से उपार्जन केंद्र पर खड़े हैं, लेकिन उनकी फसल की तुलाई नहीं की गई, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुस्साए किसानों ने भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर अपने ट्रैक्टर खड़े कर सड़क जाम कर दी। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और तेज धूप में सफर कर रहे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी और दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद करीब आधे घंटे से चल रहा चक्का जाम समाप्त कराया गया।

किसान बोले- सुबह सात बजे से भूखे प्यासे खड़े हैं--किसान दीपक लोधी, हेमराज कुशवाहा, देवी राम और अभिषेक मीणा ने बताया कि वे सुबह 7 बजे से भूखे-प्यासे धूप में अपनी ट्रालियां लेकर खड़े हैं, लेकिन दोपहर 2 बजे तक भी उनकी तुलाई नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही सांची नायब तहसीलदार ललित सक्सेना, सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी और दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल हो सका। इस दौरान कई यात्री बसें, कारें, ट्रक और एंबुलेंस जाम में फंसी रहीं। कुछ वाहन ड्राइवर खेतों से होकर गुजरते भी देखे गए।किसानों ने तुलाई प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28