अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना सांची पुलिस ने बाइक चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, विदिशा निवासी फरियादी विनय शंकर मिश्रा ने 1 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 दिसंबर 2025 की शाम मेहगांव बालाजी धाम मंदिर दर्शन के दौरान उनकी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई। इस पर थाना सांची में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता के दिशा निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध अवध नारायण शर्मा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने मेहगांव मंदिर, विदिशा एवं सांची क्षेत्र से कुल 10 मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया, साथ ही दो बाइक कबाड़ी समीर मंसूरी को बेचने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी समीर मंसूरी को भी हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर एक मोटरसाइकिल विदिशा से तथा एक अन्य भोपाल से बरामद की गई। दोनों आरोपियों से कुल 10 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं और उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अवध नारायण शर्मा (33) एवं समीर मंसूरी (24), दोनों निवासी बेस दरवाजा किले अंदर, विदिशा शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28