-सलामतपुर पुलिस ने आरोपी युवक को घेराबंदी कर किया गिरफ्तार 

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरा गांव में बाढ़े के विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें जमकर डंडों से मारपीट की गई। एक युवक का सिर फट गया। जिसे गंभीर हालत में पहले सांची सिविल अस्पताल और बाद में विदिशा रेफर किया गया है। सलामतपुर पुलिस ने आरोपी युवक को तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया। प्रधान आरक्षक विकास श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के खोहा पंचायत के पुरा गांव में मोहर सिंह मीणा पिता नारायण सिंह मीणा का अभिषेक मीणा पिता प्रकाश मीणा से बाढ़े की जगह को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। जबकि दोनों ही आपस में रिश्तेदार होते हैं। ताज़ा मामला बुधवार दोपहर चार बजे शुरू हुआ जिसमें मोहर सिंह अपनी भैंस चराने सूरज सिंह के खेत की मेढ़ पर गया था। तभी अभिषेक मीणा आया और बोला कि बाढा मेरे हिस्से में हैं और तू बाढ़े में कदम मत रख देना और उसने गाली गलौच शुरू कर दी। मोहर सिंह ने गाली देने से मना किया तो अभिषेक मीणा ने डंडा उठाकर मोहर सिंह के सिर पर दे मारा। जिसकी वजह से मोहर सिंह के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। परिजन तत्काल घायल मोहर सिंह को सांची के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे पर स्तिथि बिगड़ने पर घायल युवक को विदिशा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उसका ईलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने फरियादी मंजू बाई की रिपोर्ट पर आरोपी अभिषेक मीणा के विरुद्ध धारा 296(बी), 109(1) बीएनएस का मामला पंजीबद्ध किया है। वहीं मामले में थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने तत्परता दिखाते हुए  वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और एक टीम जिसमें एएसआई रमेश रैकवार, प्रधान आरक्षक गणेश रघुवंशी, विकास श्रीवास्तव को शामिल किया और आरोपी अभिषेक मीणा को घेराबंदी कर पुरा गांव से गिरफ्तार किया। गुरुवार के दिन आरोपी अभिषेक को रायसेन न्यायालय में पेश किया गया है।

इनका कहना है।

पुरा गांव में बाढ़े की जगह को लेकर आपसी रिश्तेदारों में पुराना विवाद चल रहा है। बुधवार के दिन आरोपी अभिषेक मीणा ने मोहर सिंह के साथ गाली गलौच करते हुए डंडे से मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया। मोहर सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। आरोपी को गांव से ही घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मामला दर्ज कर गुरुवार के दिन आरोपी को रायसेन न्यायालय में पेश किया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28