बेरखेड़ी चौराहा में बाजार बंद, दुष्कर्म के आरोपी को फांसी देने की मांग
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
रायसेन जिले के गोहरगंज थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के मामले में आरोपी सलमान की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले भर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन जारी हैं। गुरुवार को सलामतपुर थाना क्षेत्र के भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर स्थित बेरखेड़ी चौराहा पर व्यापारियों ने मार्केट बंद का आह्वान किया। वहीं हिंदू संगठनों ने आरोपी का पुतला दहन कर कड़ी नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कठोर से कठोर सजा की मांग रखी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा सांची मंडल अध्यक्ष एवं जिला मंत्री संतोष शर्मा, सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष एवं खोहा सरपंच कालूराम मीणा सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। गौरतलब है कि मामले में 6 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी सलमान उर्फ नजर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे लोगों में और भी रोष बढ़ गया है। आरोपी पर आईजी द्वारा 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की दस से ग्यारह विशेष टीमें लगातार दबिश देकर उसकी तलाश में जुटी हैं। जिले भर में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है और नागरिक जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं मंगलवार रात्रि में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा रायसेन पुलिस अधीक्षक को भी हटा दिया है। वहीं बताया जा रहा है कि देर रात आरोपी सलमान को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
