सलामतपुर पुलिस ने शराब दुकान से चोरी की वारदात के 3 आरोपियों को 12 घंटे में किया गिरफ्तार, माल भी बरामद
-120 CCTV कैमरों की खाक छानकर सलामतपुर पुलिस पहुंची चोरों तक
-सोमवार को सभी आरोपी न्यायालय में पेश, मांगा रिमांड
-आदतन अपराधी हैं भोपाल के रहने वाले तीनों आरोपी
अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)
थाना पुलिस ने मुक्तापुर शराब दुकान से हुई चोरी की वारदात का बारह घंटे के अंदर ही खुलासा करने में बड़ी सफलता हासिल की है। और चोरी का माल भी चोरों से बरामद कर लिया गया है। सोमवार को तीनों आरोपियों को रायसेन न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा गया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार रविवार की देर रात मुक्तापुर शराब दुकान पर 15 बोतल विदेशी शराब, एक रियल मी कंपनी का मोबाइल सहित नगदी की चोरी हो गई थी। चोरी की वारदात का सुबह साढ़े पांच बजे मुक्तापुर शराब दुकान के सेल्समेन सत्यनारायण शिवहरे पिता बाबूराम शिवहरे को पता चला। तो उन्होंने थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का मामला पंजीबद्ध कराया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने मामले की जानकारी तत्काल रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता को देकर टीम का गठन किया। एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीओपी बाड़ी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में दिनेश सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक गणेशराम रघुवंशी, आरक्षक राहुल रघुवंशी और साइबर सेल के एएसआई सुरेन्द्र धाकड़ ने चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए लगभग 120 सीसीटीवी कैमरे चेक किये और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर बारह घंटे के अंदर ही 3 आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में आसिफ उर्फ आरिफ उर्फ गोल्डी पिता अशफाक शाह उम्र 38 वर्ष, अरुण उर्फ अमन उर्फ अभिषेक मालवीय पिता मचल सिंह मालवीय उम्र 20 वर्ष और अयान कुरैशी पिता शकील कुरैशी उम्र 20 वर्ष सभी निवासी शारदा नगर नारियलखेड़ा थाना गौतम नगर भोपाल के हैं। सोमवार के दिन तीनों आरोपियों को रायसेन न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा गया है।
तीनों दोस्त बाइक से आए थे मुक्तापुर कलारी और चोरी की वारदात को दिया अंजाम--रविवार की रात्रि तीनों आरोपी भोपाल से अपनी मोटरसाइकिल से निकले थे। तीनों ने पहले कर्क रेखा के पास चोरी का प्रयास किया था। वहां सफल नही होने पर मुक्तापुर शराब दुकान पर पहुंचे तो देखा कि सेल्समैन अकेला अंदर सो रहा है। तीनों ने पीछे के रास्ते से टीन काटकर कुंडी खोली और सात हजार रुपए कीमत का मोबाइल, 11600 रुपये की 15 बोतल विदेशी शराब और 7500 रुपये नगदी चुरा ली। तीनों ने वारदात को ऐसे अंजाम दिया कि सेल्समेन सत्यनारायण शिवहरे को पता भी नही चल सका और वह सोते ही रह गए।
चोरी के बाद तीनों सेहतगंज होते हुए भोपाल भागे थे--चोरी करने के बाद तीनों ने चोरी की शराब पी और त्रिमूर्ति चौराहा, रायसेन सेहतगंज होते हुए भोपाल भाग निकले। सलामतपुर पुलिस ने इनकी तलाश में लगभग 120 सीसीटीवी कैमरे जांचे और साइबर सेल की मदद से तीनों आरोपियों को भोपाल से पकड़ने में सफलता हासिल की। चोरों के शारदा नगर नारियालखेड़ा भोपाल के घर से चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है।
इनका कहना है।
रायसेन एसपी, एडिशनल एसपी और एसडीओपी के दिशा निर्देशन में मुक्तापुर शराब दुकान से हुई चोरी का 12 घंटे में ही पर्दाफाश करने ने बड़ी सफलता मिली है। 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। सोमवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा गया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
