अदनान खान भोपाल। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

राजधानी के पॉश इलाके कोहेफिजा की सूरज नगर कॉलोनी में रहने वाले मशहूर एडवोकेट अखिलेश श्रीवास्तव के घर हुई 18 लाख की सनसनीखेज चोरी के मामले में कोहेफिजा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 20 साल पुरानी वफादार नौकरानी की गद्दारी से शुरू हुई इस वारदात की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने अब गैंग के एक और शातिर गुर्गे इरफ़ान उर्फ पल्सर को भोपाल टॉकीज के पास से घेराबंदी कर धरदबोचा है।इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस पहले ही 8 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है, और अब इरफान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों के बेहद करीब पहुंच गई है।

भोपाल टॉकीज के पास चल रहा था 'पल्सर', पुलिस ने घेरा--25-26 दिसंबर की दरम्यानी रात हुई इस बड़ी वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि छोला निवासी इरफान (पिता हसीब), जो कबीट चौक, अटल नेहरू नगर भानपुर का रहने वाला है, भोपाल टॉकीज के पास किसी बड़ी फिराक में घूम रहा है। कोहेफिजा पुलिस ने बिना वक्त गंवाए जाल बिछाया और शातिर इरफान को धरदबोचा।

मामले में बढ़ी बीएनएस (BNS) की धारा, आपराधिक षड्यंत्र का खुलासा--जैसे-जैसे इस मामले की परतें खुल रही हैं, वारदात की भयावहता साफ होती जा रही है। महीनों पहले रची गई इस साजिश में अब पुलिस ने विवेचना के आधार पर धारा-61(2) बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत आपराधिक षड्यंत्र का इजाफा किया है। पुलिस की जांच में यह साफ हो चुका है कि यह महज एक साधारण चोरी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और संगठित आपराधिक षड्यंत्र था, जिसे बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया गया।

7 आरोपी पहले से जेल में--इस मामले में मास्टरमाइंड नौकरानी ज्योति सावले, उसकी बहन किरण, अनिल भाल्से सहित कुल 8 लोग पहले पुलिस की गिरफ्त में आए थे, जिनमें से 7 आरोपी फिलहाल केंद्रीय जेल भोपाल में निरुद्ध हैं।

इरफान की गिरफ्तारी के बाद भी कई आरोपी अब भी पुलिस के रडार पर हैं।

पुलिस का दावा-- फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इरफान से पूछताछ में गैंग के ठिकाने और चोरी किए गए बाकी के जेवरात व नकदी की बरामदगी को लेकर कई अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। जल्द बाकी के आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28