अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरा में अज्ञात कारणों के चलते एक 21 वर्षीय युवती द्वारा अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम सेमरा निवासी पूजा अहिरवार (21 वर्ष) पिता दयालाल अहिरवार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य दर्शन करने के लिए करीला धाम गए हुए थे, जबकि पूजा घर पर अकेली थी। रविवार शाम जब परिजनों ने युवती को फोन लगाया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद परिजनों ने गांव के एक युवक को घर जाकर पूजा से बात कराने के लिए कहा। युवक जब घर पहुंचा तो दरवाजे खुले मिले और अंदर पूजा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। यह देखकर वह घबरा गया और तत्काल गांव के लोगों तथा परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचाया। रविवार रात करीब 11 बजे परिजनों के करीला धाम से लौटने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रायसेन भेज दिया।सोमवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता लगाया जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28