अदनान खान भोपाल। IND28.COM

सागर के उत्तर वन मंडल परिक्षेत्र बांदरी के तहत आने वाली आराटीला बीट और राजस्व क्षेत्र की सीमा के पास जंगल में एक नर तेंदुआ तार के फंदे में फंस गया। तेंदुए को फंदे में फंसा देख लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही बांदरी वन परिक्षेत्र अधिकारी वीएन सोलंकी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी।जिसके बाद उपवन मंडल अधिकारी हेमंत यादव और वीएन सोलंकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। जहां नर तेंदुआ तार के बने हुए फंदे पर फंसा था। स्थितियों को देखते हुए अधिकारियों ने तेंदुए को बेहोश कर फंदे से बाहर निकालने का निर्णय लिया।जिसके बाद मुकुदपुर जू रीवा से डॉ. तोमर को रेस्क्यू के लिए सागर बुलाया गया। रेस्क्यू टीम शाम 7 बजे जंगल में पहुंची और तेंदुए का रेस्क्यू शुरू किया। विशेषज्ञों द्वारा तेंदुए को बेहोश किया गया। जिसके बाद फंदे से बाहर निकाला गया।घटना में तेंदुए को चोट आई है। जिसका इलाज किया गया और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद नौरादेही अभ्यारण में छोड़ दिया गया है। घटनास्थल के आसपास डॉग स्क्वॉड से सर्चिंग की जा रही है। सर्चिंग में तार का फंदा जंगल में लाने वाले आरोपी से जुड़े साक्ष्य तलाशे जा रहे हैं।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28.COM