-टोल वसूली से बाद भी एमपीआरडीसी नही भर रहे गड्ढे

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर दीवानगंज में पुरानी चौकी के पास बना विशाल गड्ढा अब राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन वाहन चालक इस गड्ढे की चपेट में आकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी आंखें मूंदे बैठा है। ताजा मामला मंगलवार शाम के करीब सामने आया, जब भोपाल से गुरारिया सेमरा जा रही एक महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई।जानकारी के अनुसार मिथिलेश नामक महिला अपने बेटे और बेटी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। जैसे ही उनकी बाइक हाइवे 18 की पुरानी चौकी के पास पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया चला गया।इससे मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और महिला सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में महिला के हाथ और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर पीछे से कोई भारी वाहन आ रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घायल महिला की राहगीरों ने की मदद--महिला को घायल अवस्था में देख मौके पर गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद की। इसके बाद महिला को उनके बेटे द्वारा अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि हाईवे पर टोल टैक्स तो लगातार वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की बदहाल हालत सुधारने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। एमपीआरडीसी की लापरवाही के चलते रोजाना बाइक सवार हादसों का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि कोई बड़ा हादसा होने से पहले प्रशासन जाग जाए।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28